द इंडियन व्यू

मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ बड़ी चुनौती, इराओला को एनफील्ड के समर्थन का भरोसा

लिवरपूल और मैनचेस्टर सिटी के बीच रविवार रात (भारतीय समय अनुसार) को इंग्लिश प्रीमियर लीग का बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा। एनफील्ड में खेले जाने वाले इस मैच से पहले लिवरपूल मुख्य कोच आन्दोनी इराओला ने कहा कि स्टेडियम…

Ragwendra P Singh
October 11, 2026
4 min read
मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ बड़ी चुनौती, इराओला को एनफील्ड के समर्थन का भरोसा

लिवरपूल और मैनचेस्टर सिटी के बीच रविवार रात (भारतीय समय अनुसार) को इंग्लिश प्रीमियर लीग का बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा। एनफील्ड में खेले जाने वाले इस मैच से पहले लिवरपूल मुख्य कोच आन्दोनी इराओला ने कहा कि स्टेडियम का माहौल खास होगा और उनकी टीम प्रशंसकों को जश्न मनाने का अवसर देना चाहती है।

मीडिया से एक साक्षात्कार में इराओला ने टीम के मौजूदा प्रदर्शन, सुधार की जरूरतों और मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ घरेलू मैदान पर खेलने के महत्व पर अपनी बात रखी। इराओला पहली बार लिवरपूल के मुख्य कोच के रूप में मैनचेस्टर सिटी का सामना करेंगे। उन्होंने बोला कि अंतरराष्ट्रीय अवकाश ने टीम को अब तक के प्रदर्शन का आकलन करने और आगामी मुकाबलों की तैयारी के लिए जरूरी समय दिया है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय अवकाश हमें अब तक के सत्र पर विचार करने का अवसर देता है। सामान्य तौर पर हमारा कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहता है और अगले मुकाबले की तैयारी के लिए सिर्फ दो या तीन दिन मिलते हैं। इस अवकाश के दौरान हमने उन पहलुओं का विश्लेषण किया, जिनमें हमने अच्छा प्रदर्शन किया है और जहां सुधार की जरूरत है।

Liverpool FC

अभ्यास के मैदान पर उन चीजों पर काम करने का भी समय मिला, जिन पर व्यस्त कार्यक्रम के कारण ध्यान नहीं दे पा रहे थे। उन्होंने कहा कि इस दौरान कोचिंग स्टाफ को एक साथ बैठकर आगामी मुकाबलों की रणनीति तैयार करने का अवसर भी मिला। लिवरपूल से जुड़ने के बाद अपने अनुभव पर इराओला ने कहा कि खिलाड़ियों ने नए विचारों और खेलने के तरीके को अपनाने में सकारात्मक रवैया दिखाया है।उन्होंने कहा कि लिवरपूल बहुत बड़ा क्लब है और मैं खिलाड़ियों के रवैये से खास तौर पर प्रभावित हुआ हूं।

सभी ने हमारी मदद करने और हमारी कार्यशैली के अनुरूप जल्दी ढलने की कोशिश की है। नए कोच के आने पर बदलावों को स्वीकार करना हमेशा आसान नहीं होता, लेकिन खिलाड़ियों ने शानदार पेशेवर रवैया दिखाया है और खुद को बेहतर बनाने की इच्छा जाहिर की है। इससे मेरे और मेरे सहयोगी स्टाफ के लिए बदलाव की प्रक्रिया आसान हुई।

सत्र के लक्ष्य के बारे में उन्होंने कहा कि टीम को अपनी क्षमता के अनुसार सर्वोच्च स्तर तक पहुंचने का प्रयास करना होगा। उनके मुताबिक, किसी निश्चित अंक या स्थान का लक्ष्य तय करने के बजाय टीम को लगातार बेहतर बनाना जरूरी है। लिवरपूल जैसे क्लब में खिताबों के लिए प्रतिस्पर्धा करना हमेशा अपेक्षा रहती है और टीम को इसके लिए मैदान पर कड़ी मेहनत तथा पूरे सत्र में निरंतरता बनाए रखनी होगी।

इराओला ने मैनचेस्टर सिटी को मजबूत प्रतिद्वंद्वी बताते हुए कहा कि उसे हराने के लिए लिवरपूल को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। उन्होंने कहा कि सिटी का आक्रमण बेहद प्रभावशाली है, उसके पास कई खतरनाक खिलाड़ी हैं।

उन्होंने कहा, “हम इस सत्र में अब तक अपराजित रहे हैं, लेकिन मैनचेस्टर सिटी ने अपने शुरुआती पांचों मुकाबले जीते हैं। उसे हराने के लिए हमें बहुत अच्छा खेलना होगा। हाल के मैचों में हमने अपने रक्षात्मक खेल में सुधार किया है और उम्मीद है कि हम उसके आक्रमण को रोकने में सफल रहेंगे। गेंद हासिल करने के बाद हमें जवाबी हमलों में तेजी दिखानी होगी, क्योंकि हमें आक्रमण के लिए खाली जगह मिल सकती है।”

एनफील्ड में खेलने के महत्व पर इराओला ने कहा कि प्रशंसकों का समर्थन खिलाड़ियों को अतिरिक्त ऊर्जा देता है। उन्होंने कहा कि मैनचेस्टर सिटी के खिलाफ मुकाबला निश्चित रूप से बड़ा है। हर कोई इसका हिस्सा बनना चाहता है, चाहे वह मैदान पर खेल रहा हो, मैच देख रहा हो या इस आयोजन से जुड़ा हो। हम इस समय लीग में शीर्ष पर मौजूद टीम का सामना कर रहे हैं और हमें अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे पता है कि प्रशंसक टीम की मदद करना चाहेंगे। एनफील्ड में दर्शकों का उत्साह बड़ा अंतर पैदा कर सकता है, खासकर ऐसे मुकाबलों में। जब पहले मिनट से प्रशंसक टीम के साथ खड़े होते हैं, तो खिलाड़ियों को अतिरिक्त ऊर्जा मिलती है। हमें उस ऊर्जा का इस्तेमाल मैदान पर करना होगा। एक कोच और खिलाड़ी के तौर पर ऐसे मुकाबलों का सभी को इंतजार रहता है। माहौल खास होगा और हम अपने प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका देना चाहते हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला

भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर

भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।