भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण से सतर्क न्यूजीलैंड, बेसिन रिजर्व की पिच पर टिकी नजरें
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर को उम्मीद है कि भारत के खिलाफ टेस्ट शृंखला के पहले मुकाबले के आयोजन स्थल बेसिन रिजर्व की परिस्थितियां इस मैदान के पारंपरिक मिजाज के अनुरूप रहेंगी।

न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वॉल्टर को उम्मीद है कि भारत के खिलाफ टेस्ट शृंखला के पहले मुकाबले के आयोजन स्थल बेसिन रिजर्व की परिस्थितियां इस मैदान के पारंपरिक मिजाज के अनुरूप रहेंगी।
हालांकि वह भारतीय टीम के मजबूत तेज गेंदबाजी आक्रमण को लेकर सतर्क भी हैं। तेज गेंदबाजों के अनुकूल परिस्थितियों की संभावना के बीच भारत ने दो टेस्ट मैच की शृंखला के लिए स्पिनर कुलदीप यादव की जगह तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को टीम में शामिल किया है।
भारतीय टीम में अन्य तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप हैं। टेस्ट से पहले खेली गई एकदिवसीय शृंखला में बल्लेबाजों को काफी मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ा था।
हालांकि भारत ने यह शृंखला 3-1 से अपने नाम की। टेस्ट शृंखला का पहला मुकाबला यहां 19 नवंबर से शुरू होगा। वॉल्टर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो हमारा ध्यान अपनी तैयारियों और न्यूजीलैंड में अपने क्रिकेट खेलने के तरीके पर होना चाहिए।
इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि सामने कौन सी टीम आती है। हमें ऐसी परिस्थितियों के लिए तैयारी करनी होगी जिनमें हमें जीत हासिल करने के सबसे अच्छा मौका मिले।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हमें अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट भी खेलना होगा। भारत एक मजबूत टीम है, चाहे वह कहीं भी खेले। उसके तेज गेंदबाजों ने कुछ शानदार प्रदर्शन किए हैं लेकिन हमारी बल्लेबाजी ने पहले भी इस तरह के गेंदबाजी आक्रमण का सामना किया है।’’
वॉल्टर ने कहा, ‘‘इसलिए हमें खुद को तैयार रखना होगा और समझना होगा कि विपक्षी टीम क्या लेकर आ रही है। अगर हम अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलते हैं तो जीत की संभावना बढ़ेगी। अगर ऐसा नहीं कर पाते हैं तो इसकी जिम्मेदारी हमारी होगी।’’
भारत के पास तेज गेंदबाजी के मजबूत विकल्पों को देखते हुए न्यूजीलैंड के लिए घास वाली पिच तैयार करना उलटा भी पड़ सकता है। हालांकि वॉल्टर ने कहा कि उनकी टीम घरेलू परिस्थितियों में अपनी ताकत के अनुरूप खेलेगी।
यह पूछे जाने पर कि क्या मैच के आगे बढ़ने के साथ स्पिनरों की भूमिका अहम हो सकती है, वॉल्टर इस संभावना को लेकर बहुत आश्वस्त नहीं दिखे।
उन्होंने हंसते हुए कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि आपने पिच के स्पिनरों के अनुकूल होने की बातें कहां सुनी हैं। मैंने तो पहली बार यह सुना है। इसके लिए आपका धन्यवाद।’’ वॉल्टर को उम्मीद है कि दोनों टेस्ट के दौरान बल्ले और गेंद के बीच अच्छा संतुलन देखने को मिलेगा। शृंखला का दूसरा टेस्ट क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से परिस्थितियां काफी हद तक एक जैसी रहने की उम्मीद है। हमें कुछ अलग होने की आशंका नहीं है। जैसा कि हम जानते हैं और देख चुके हैं कि टेस्ट मैच से पहले का मौसम परिस्थितियों को प्रभावित करता है। वेलिंगटन में गर्मी कितनी होगी, बारिश कैसी होगी और हवा का रुख क्या रहेगा, ये सभी चीजें अहम होती हैं।’’
सम्बंधित ख़बरें
सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।
