द इंडियन व्यू

नमन तिवारी और आदि आदेश के अर्धशतकों से लखनऊ विश्वविद्यालय की धमाकेदार जीत

नमन तिवारी (85) व आदि आदेश शुक्ला (50) की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद क्षितिज त्रिपाठी (4 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के दम पर मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में जीत से शानदार आगाज़ किया।

Prakhar
November 17, 2026
4 min read
नमन तिवारी और आदि आदेश के अर्धशतकों से लखनऊ विश्वविद्यालय की धमाकेदार जीत

लखनऊ। नमन तिवारी (85) व आदि आदेश शुक्ला (50) की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद क्षितिज त्रिपाठी (4 विकेट) की धारदार गेंदबाजी के दम पर मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय ने नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 में जीत से शानदार आगाज़ किया।

नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट

एलयू के परांजपे ग्राउंड पर खेले गए उद्घाटन मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय ने आदेश यूनिवर्सिटी को 205 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी।

दूसरी ओर गुरुग्राम यूनिवर्सिटी, डा.बीआर अम्बेडकर यूनिवर्सिटी, आगरा, दीनबंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी, महर्षि यूनिवर्सिटी, राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी, सीएसजेएम कानपुर यूनिवर्सिटी, मां शाकुंभरी यूनिवर्सिटी, महाराजा रंजीत सिंह पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी और गुरू जंबेश्वर यूनिवर्सिटी ने जीत दर्ज की।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मंच हैं विश्वविद्यालय टूर्नामेंट : कुलपति

टूर्नामेंट का उद्घाटन लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.अरविंद मोहन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उसे निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं। देश के विश्वविद्यालयों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।

जरूरत उन्हें उचित मंच, बेहतर प्रतिस्पर्धा और अपनी क्षमता साबित करने के अवसर देने की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन प्रतियोगिताओं से देश को भविष्य के बेहतरीन क्रिकेटर मिलेंगे। उद्घाटन समारोह में डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. अमिता कनौजिया, प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी, प्रो. ओपी शुक्ला, प्रो. शशि कनौजिया, चीफ प्रोवोस्ट आशीष त्रिवेदी और प्रो. महेंद्र अग्निहोत्री मौजूद रहे।

समारोह का संचालन प्रोफेसर अजय कुमार आर्य ने किया जबकि प्रोफेसर राकेश द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष मोहम्मद एसए अल्वी सहित विभिन्न गेम्स क्लबों के अध्यक्ष सहित पूर्व रणजी क्रिकेटर उबैद कमाल व धनराज सिंह, भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) के पर्यवेक्षक मोहम्मद एजाज खान, सहायक प्रोफेसर अरुण कुमार भी मौजूद रहे।

लखनऊ विश्वविद्यालय ने आदेश यूनिवर्सिटी को 205 रन से हराया

उद्घाटन मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय ने आदेश यूनिवर्सिटी को 205 रन से हराया। एलयू ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 268 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

नमन तिवारी ने महज 33 गेंदों पर आठ चौके और छह छक्कों से 85 रन की तूफानी पारी खेली। वहीं सलामी बल्लेबाज आदि आदेश शुक्ला ने 24 गेंदों पर छह चौके और दो छक्के जड़ते हुए 50 रन बनाए।

आदि आदेश और मोहम्मद अल्तमश पाशा (40 रन) ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई। इसके बाद नमन तिवारी ने मोर्चा संभाला और आदित्य (नाबाद 31 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की।

जवाब में आदेश यूनिवर्सिटी की बल्लेबाजी एलयू के गेंदबाजों के सामने लड़खड़ा गई और 14.1 ओवर में 63 रन पर ढेर हो गई। मुसन्नाह मुश्ताक ने सर्वाधिक 35 रन बनाए। लखनऊ विश्वविद्यालय से क्षितिज त्रिपाठी ने चार विकेट झटके, जबकि शिवम सिंह और शौर्य सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए।

दिन के अन्य मुकाबलों में एनईआर स्टेडियम पर डा. बीआर अम्बेडकर यूनिवर्सिटी, आगरा ने गुरू गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी को आठ विकेट से हराया। केए क्रिकेट ग्राउंड जानकीपुरम में दीनबंधु छोटूराम यूनिवर्सिटी ने बीबीएयू यूनिवर्सिटी को 67 रन से और महर्षि यूनिवर्सिटी ने संत बाबा भाग सिंह यूनिवर्सिटी को चार विकेट से शिकस्त दी।

आरआर स्टेडियम पर राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी ने इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी को 65 रन से और सीएसजेएम कानपुर यूनिवर्सिटी ने गुरू काशी यूनिवर्सिटी को 115 रन से हराया।

वहीं आरएसजी क्रिकेट स्टेडियम, एलडीए अलीगंज पर मां शाकुंभरी यूनिवर्सिटी ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी को आठ विकेट से व महाराजा रंजीत सिंह पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने एमजेपी रोहिलखंड यूनिवर्सिटी को 13 रन से और रूद्रांश क्रिकेट अकादमी स्टेडियम गोमतीनगर पर गुरू जंबेश्वर यूनिवर्सिटी ने सुखदेव आनंद यूनिवर्सिटी को 197 रन से पराजित किया।

97 विश्वविद्यालयों की टीमें ले रही हैं हिस्सा

टूर्नामेंट में 97 विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। मुकाबले शहर के छह मैदानों पर आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें लखनऊ विश्वविद्यालय का परांजपे मैदान, आरएसजी क्रिकेट स्टेडियम एलडीए अलीगंज, केए क्रिकेट अकादमी जानकीपुरम, रूद्रांश क्रिकेट अकादमी स्टेडियम गोमतीनगर, एनईआर स्टेडियम और आरआर क्रिकेट स्टेडियम शामिल हैं।

प्रतिभागी टीमों को चार पूल में बांटा गया है। प्रत्येक पूल की शीर्ष टीम क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएगी। प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल तक मुकाबले 20-20 ओवर के होंगे, जबकि सेमीफाइनल 30-30 ओवर और फाइनल 40 ओवर का खेला जाएगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला

भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर

भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।