द इंडियन व्यू

डब्ल्यूपीएल नीलामी में किरण नवगिरे पर दिल्ली ने लुटाए 75 लाख, सुषमा वर्मा यूपी से जुड़ीं

महिला प्रीमियर लीग 2027 की मिनी नीलामी में बुधवार को भारतीय खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी ने दांव लगाया। किरण नवगिरे को दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपये में खरीदा, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज सुषमा वर्मा 30 लाख रुपये में यूपी वॉरियर्स से जुड़ीं।

Prakhar
October 28, 2026
3 min read
डब्ल्यूपीएल नीलामी में किरण नवगिरे पर दिल्ली ने लुटाए 75 लाख, सुषमा वर्मा यूपी से जुड़ीं

महिला प्रीमियर लीग 2027 की मिनी नीलामी में बुधवार को भारतीय खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी ने दांव लगाया। किरण नवगिरे को दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपये में खरीदा, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज सुषमा वर्मा 30 लाख रुपये में यूपी वॉरियर्स से जुड़ीं।

गुजरात जायंट्स ने युवा बल्लेबाज जी. कमलिनी को उनके आधार मूल्य 40 लाख रुपये में अपने साथ शामिल किया। वहीं, कई भारतीय और विदेशी खिलाड़ी नीलामी में खरीदार नहीं मिलने के कारण अनसोल्ड रहीं।

किरण नवगिरे पहले यूपी वॉरियर्स का हिस्सा थीं। नीलामी में मुंबई इंडियंस ने उनके लिए 40 लाख रुपये से बोली शुरू की।

इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स भी दौड़ में शामिल हो गई। दोनों टीमों के बीच बोली बढ़कर 70 लाख रुपये तक पहुंची। अंत में दिल्ली ने 75 लाख रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपने साथ जोड़ लिया। यह दिल्ली कैपिटल्स की नीलामी में पहली खरीद रही।

जी. कमलिनी के लिए गुजरात जायंट्स ने 40 लाख रुपये की शुरुआती बोली लगाई। किसी अन्य फ्रेंचाइजी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई, जिससे गुजरात ने उन्हें उनके आधार मूल्य पर खरीद लिया। कमलिनी ने घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु और भारत ए की ओर से रन बनाए हैं।

विकेटकीपर बल्लेबाज सुषमा वर्मा को यूपी वॉरियर्स ने 30 लाख रुपये के आधार मूल्य पर खरीदा। वह 2023 में डब्ल्यूपीएल के पहले सत्र में गुजरात जायंट्स का हिस्सा थीं। उन्होंने करीब एक दशक पहले अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था।

भारत की वनडे विश्व कप विजेता टीम की सदस्य उमा छेत्री को 30 लाख रुपये के आधार मूल्य पर कोई खरीदार नहीं मिला। असम से भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली क्रिकेटर उमा पहले यूपी वॉरियर्स की टीम में रह चुकी हैं।

दिल्ली कैपिटल्स की पूर्व विकेटकीपर तानिया भाटिया और यूपी वॉरियर्स की पूर्व खिलाड़ी नुजहत परवीन भी अनसोल्ड रहीं। स्विंग गेंदबाज साइमा ठाकोर को भी किसी फ्रेंचाइजी ने नहीं खरीदा।

भारत की राघवी बिष्ट और आयुषी सोनी को भी खरीदार नहीं मिला। महाराष्ट्र की बल्लेबाज तेजल हसबनिस भी अनसोल्ड रहीं। वह जिम्बाब्वे के खिलाफ जारी एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में हैं।

इंग्लैंड की सोफिया डंकले भी 50 लाख रुपये के आधार मूल्य पर नहीं बिक सकीं। वह डब्ल्यूपीएल के पहले सत्र में गुजरात जायंट्स का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

विदेशी खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज टायला व्लेमिंक 30 लाख रुपये के आधार मूल्य पर अनसोल्ड रहीं।

श्रीलंका की 19 वर्षीय तेज गेंदबाज मिथाली अयोध्या और न्यूजीलैंड की रोजमेरी मैयर को भी कोई खरीदार नहीं मिला। रोजमेरी 2024 में टी20 विश्व कप जीतने वाली न्यूजीलैंड टीम की सदस्य थीं।

भारत की अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप विजेता टीम की सदस्य टिटास साधु भी नहीं बिक सकीं। वह पहले दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात जायंट्स के लिए खेल चुकी हैं।

डब्ल्यूपीएल 2027 की मिनी नीलामी में पांचों फ्रेंचाइजी को अपनी टीमों को मजबूत करने का अवसर मिला। नीलामी के लिए कुल 146 खिलाड़ियों को सूचीबद्ध किया गया था, जबकि पांचों टीमों में कुल 27 स्थान उपलब्ध थे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला

भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर

भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।