द इंडियन व्यू

भारतीय क्रिकेट में चहल का बड़ा धमाका, टी20 में 400 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने

भारतीय क्रिकेट में अपनी फिरकी का जादू बिखेरने वाले अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जहां अब तक कोई दूसरा भारतीय गेंदबाज नहीं पहुंच सका है।

Prakhar
November 19, 2026
3 min read
भारतीय क्रिकेट में चहल का बड़ा धमाका, टी20 में 400 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने

भारतीय क्रिकेट में अपनी फिरकी का जादू बिखेरने वाले अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में एक ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जहां अब तक कोई दूसरा भारतीय गेंदबाज नहीं पहुंच सका है।

चहल 400 टी20 विकेट लेने वाले भारत के पहले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में हरियाणा की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

इंदौर में खेले गए इस मुकाबले में तमिलनाडु के बल्लेबाज अमित सतीश का विकेट लेते ही चहल ने टी20 क्रिकेट में अपने 400 विकेट पूरे कर लिए। उन्होंने मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में महज 16 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के बाद चहल के कुल टी20 विकेटों की संख्या 346 मैचों में 402 हो गई है।

खास बात यह है कि चहल ने यह उपलब्धि उस समय हासिल की है, जब वह लंबे समय से भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 2023 में खेला था। इसके बावजूद घरेलू और फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार उनकी उपयोगिता साबित कर रहा है।

चहल के इस रिकॉर्ड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारतीय गेंदबाजों की सूची में उनके बाद दूसरे स्थान पर मौजूद भुवनेश्वर कुमार भी उनसे काफी पीछे हैं।

भुवनेश्वर के नाम टी20 क्रिकेट में 366 विकेट दर्ज हैं, जबकि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 354 विकेट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इस तरह चहल ने भारतीय गेंदबाजों के बीच अपनी बादशाहत और मजबूत कर ली है।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान के नाम है। राशिद ने 553 मैचों में 743 विकेट हासिल किए हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के सुनील नरेन 658 विकेट के साथ दूसरे और ड्वेन ब्रावो 631 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं।

मुकाबले की बात करें तो तमिलनाडु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 124 रन बनाए और उसकी पूरी टीम आउट हो गई।

बालासुब्रमण्यम सचिन ने अमित सात्विक (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। इसके बाद उन्होंने एन. जगदीशन (9) के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी की। इन प्रयासों से तमिलनाडु का स्कोर 76 रन तक पहुंचा। कप्तान साई किशोर ने 19 और शाहरुख खान ने 22 रन का योगदान दिया।

हरियाणा से युजवेंद्र चहल और निशांत संधू सबसे सफल गेंदबाज रहे। चहल ने 3 विकेट झटके, जबकि निशांत ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। कनिष्क चौहान और राहुल तेवतिया को भी एक-एक सफलता मिली।

125 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हरियाणा की टीम ने 16.1 ओवर में 3 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। अर्श रंगा और यशवर्धन दलाल ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई।

इसके बाद यशवर्धन ने कप्तान अंकित कुमार के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। यशवर्धन 21 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, अंकित कुमार और निशांत संधू ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर हरियाणा की जीत सुनिश्चित कर दी। अंकित ने 43 रन बनाए, जबकि निशांत 37 रन बनाकर नाबाद लौटे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला

भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।

'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा

भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।

भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी

न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।

वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर

भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।