हॉकी इंडिया में प्रशासनिक घमासान, हाईकोर्ट के बाद एफआईएच ने भी उठाए सवाल
भारतीय हॉकी के प्रशासनिक ढांचे में चल रहा विवाद अब अदालत से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है। हॉकी इंडिया के चुनाव और ओडिशा की राज्य इकाई की सदस्यता को लेकर उठे विवाद के बीच उड़ीसा हाईकोर्ट ने महासंघ की चुनाव प्रक्रिया पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है।

कटक। भारतीय हॉकी के प्रशासनिक ढांचे में चल रहा विवाद अब अदालत से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया है। हॉकी इंडिया के चुनाव और ओडिशा की राज्य इकाई की सदस्यता को लेकर उठे विवाद के बीच उड़ीसा हाईकोर्ट ने महासंघ की चुनाव प्रक्रिया पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी है।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने भी हॉकी इंडिया को पत्र लिखकर खेल संघों की स्वायत्तता, प्रशासनिक व्यवस्था और चुनाव प्रक्रिया में बाहरी हस्तक्षेप को लेकर चिंता जताई है। एक तरफ अदालत में हॉकी इंडिया की कार्रवाई की वैधता पर सवाल उठ रहे हैं, तो दूसरी तरफ एफआईएच ने निर्धारित समयसीमा में चुनाव कराने की जरूरत पर जोर दिया है।
इस पूरे विवाद की शुरुआत हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा को हॉकी इंडिया की स्थायी सदस्यता से हटाकर एसोसिएट सदस्य बनाने के प्रस्ताव से हुई। इसके बाद राज्य इकाई को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। ओडिशा की राज्य इकाई ने इस कार्रवाई को चुनौती देते हुए उड़ीसा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
कटक स्थित उड़ीसा हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति आरके पटनायक की एकल पीठ ने 6 नवंबर 2026 को याचिका संख्या W.P.(C) No. 36939 of 2026 पर सुनवाई करते हुए अंतरिम आदेश जारी किया।
अदालत के समक्ष हॉकी इंडिया की 6 अक्टूबर को हुई 120वीं कार्यकारिणी बैठक के मिनट्स, 7 अक्टूबर को जारी कारण बताओ नोटिस और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े निर्णयों को चुनौती दी गई थी।
अदालत ने संबंधित कारण बताओ नोटिस और उसके बाद जारी नोटिस के क्रियान्वयन पर रोक लगाने के साथ ही हॉकी इंडिया की चुनाव प्रक्रिया पर भी अगली सुनवाई तक रोक लगा दी। हॉकी इंडिया के चुनाव 5 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित थे। अब इस मामले की अगली सुनवाई 9 दिसंबर को होगी।
कार्यकारिणी के अधिकारों पर भी उठे सवाल
सुनवाई के दौरान ओडिशा सरकार की ओर से हॉकी इंडिया की कार्यकारिणी के अधिकारों और उसके कार्यकाल को लेकर भी सवाल उठाए गए। राज्य सरकार के महाधिवक्ता पी. आचार्य ने दलील दी कि हॉकी इंडिया की कार्यकारिणी का कार्यकाल 30 सितंबर 2026 को समाप्त हो चुका था। ऐसे में 7 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के अधिकार और उसकी वैधता पर सवाल खड़ा होता है।
ओडिशा सरकार की ओर से राष्ट्रीय खेल शासन अधिनियम, 2025 का भी हवाला दिया गया। दलील दी गई कि राज्य और जिला स्तर की खेल इकाइयों को निर्धारित नियमों के अनुरूप लाने की प्रक्रिया के संदर्भ में इस विवाद को देखा जाना चाहिए। सुनवाई के दौरान भारतीय हॉकी को ओडिशा सरकार की ओर से दिए गए आर्थिक सहयोग और प्रायोजन समझौतों का भी उल्लेख किया गया।
एफआईएच ने बाहरी हस्तक्षेप पर जताई चिंता
इस बीच अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की प्रतिक्रिया ने पूरे मामले को और महत्वपूर्ण बना दिया है। उपलब्ध पत्र के अनुसार, एफआईएच ने 9 नवंबर 2026 को स्विट्जरलैंड के लॉज़ेन से हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह को पत्र भेजा। यह पत्र 7 नवंबर को एफआईएच अध्यक्ष को भेजे गए हॉकी इंडिया के पत्र के जवाब में लिखा गया था।
एफआईएच ने अपने संविधान के विभिन्न प्रावधानों और ओलंपिक चार्टर के सिद्धांतों का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेल संघों को बाहरी हस्तक्षेप से मुक्त होकर अपने प्रशासनिक और चुनाव संबंधी निर्णय लेने चाहिए।
महासंघ ने आगाह किया कि बाहरी हस्तक्षेप को लेकर उठी चिंताओं का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो वह अपने संविधान के संबंधित प्रावधानों के तहत इस स्थिति पर विचार करने के लिए बाध्य हो सकता है।
पत्र में ओडिशा की 30 जिला हॉकी इकाइयों की कार्यप्रणाली का भी उल्लेख किया गया है। एफआईएच के अनुसार, चुनाव अधिकारी की रिपोर्ट में पाया गया था कि इन जिला इकाइयों के नेतृत्व में सरकारी अथवा प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। एफआईएच ने हॉकी इंडिया की ओर से इस संबंध में शुरू की गई कारण बताओ नोटिस की प्रक्रिया को उचित कदम बताते हुए उसके परिणाम से अवगत कराने को कहा है।
31 दिसंबर तक चुनाव कराने की अपेक्षा
एफआईएच ने अपने पत्र में हॉकी इंडिया की कार्यकारिणी का कार्यकाल 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाए जाने का भी उल्लेख किया है। महासंघ ने कहा है कि इस अवधि के भीतर चुनाव संपन्न होने चाहिए।
इस तरह एक तरफ अंतरराष्ट्रीय महासंघ निर्धारित समयसीमा के भीतर चुनाव कराने पर जोर दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के कारण चुनाव प्रक्रिया फिलहाल ठहर गई है।
इसके अलावा हॉकी इंडिया की 119वीं और 120वीं कार्यकारिणी बैठकों से जुड़े विवाद भी लंबित हैं। एफआईएच के पत्र के अनुसार, दिल्ली हाईकोर्ट के 15 अक्टूबर 2026 के आदेश से गठित शिकायत निवारण समिति के समक्ष इन बैठकों से संबंधित विवाद विचाराधीन हैं।
एफआईएच ने हॉकी इंडिया से अपने संस्थागत हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और मामले के महत्वपूर्ण घटनाक्रमों से उसे लगातार अवगत कराने को कहा है।
9 दिसंबर की सुनवाई पर टिकी निगाहें
इस पूरे घटनाक्रम ने भारतीय हॉकी के प्रशासनिक ढांचे, राज्य इकाइयों की सदस्यता और खेल संघों की स्वायत्तता को लेकर बहस तेज कर दी है।
हॉकी इंडिया का पक्ष जिला इकाइयों में नियमों के अनुपालन और लोकतांत्रिक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर केंद्रित है, जबकि ओडिशा इकाई ने महासंघ की कार्यकारिणी के अधिकारों और उसके फैसलों की वैधता को अदालत में चुनौती दी है।
अब 9 दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर सबकी निगाहें रहेंगी। अदालत में दोनों पक्षों की दलीलों और जवाबों के बाद ही चुनाव प्रक्रिया की आगे की दिशा स्पष्ट हो सकेगी।
साथ ही यह भी महत्वपूर्ण होगा कि हाईकोर्ट के आदेश और एफआईएच की निर्धारित समयसीमा के बीच हॉकी इंडिया चुनाव को लेकर क्या रास्ता निकलता है। फिलहाल भारतीय हॉकी का प्रशासनिक विवाद एक अहम मोड़ पर पहुंच गया है।
सम्बंधित ख़बरें
सिराज-जडेजा को बाहर रखने पर गिल ने दी सफाई, बताया क्यों लिया गया कठिन फैसला
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
'हमने उन्हें हर मोर्चे पर चुनौती दी', ड्रॉ टेस्ट के बाद शुभमन गिल ने टीम इंडिया के प्रदर्शन को सराहा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने 43 ओवर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड की हार को टाला।
भारत-न्यूजीलैंड टेस्ट की पिच पर भड़के पूर्व कप्तान, बोले- इतनी सपाट पिच कभी नहीं देखी
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान जेरेमी कोनी ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इस्तेमाल की गई बेसिन रिजर्व पिच की कड़ी आलोचना करते हुए इसे ‘अब तक की सबसे सपाट पिच’ करार दिया और इसके लिए पिछले क्यूरेटर को दोषी ठहराया, जिन्होंने इसे ‘औसत स्थिति’ में छोड़ दिया था।
वेलिंगटन टेस्ट ड्रॉ होने से भारत-न्यूजीलैंड को झटका, डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बड़ा उलटफेर
भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला टेस्ट वेलिंगटन में खेला गया। यह मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ जिससे दोनों टीमों को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में नुकसान हुआ है।
