द इंडियन व्यू

“विराट कोहली को रोकना नामुमकिन है” – काइल जैमीसन

विराट कोहली का प्रभाव सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह विरोधी खिलाड़ियों की सोच और रणनीति पर भी गहरी छाप छोड़ते हैं। न्यूजीलैंड ऑलराउंडर काइल जैमीसन, जो कोहली के प्रतिद्वंद्वी भी रहे हैं और आईपीएल में रॉयल…

Ragwendra P Singh
January 12, 2026
2 min read
“विराट कोहली को रोकना नामुमकिन है” – काइल जैमीसन

विराट कोहली का प्रभाव सिर्फ रन बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह विरोधी खिलाड़ियों की सोच और रणनीति पर भी गहरी छाप छोड़ते हैं।

न्यूजीलैंड ऑलराउंडर काइल जैमीसन, जो कोहली के प्रतिद्वंद्वी भी रहे हैं और आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ड्रेसिंग रूम में उनके साथी भी, इस भारतीय दिग्गज की बल्लेबाज़ी क्षमता को देखकर आज भी हैरान रह जाते हैं।

जैमीसन का मानना है कि कोहली जैसे खिलाड़ी पर अंकुश लगाना किसी भी गेंदबाज़ के लिए बेहद मुश्किल काम है। रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में कोहली इस प्रारूप में अपने रिकॉर्ड 54वें शतक के बेहद करीब पहुंच गए थे।

हालांकि, काइल जैमीसन ने उन्हें 93 रन पर आउट कर दिया। इसके बावजूद भारत ने यह मुकाबला चार विकेट से अपने नाम किया। मैच के बाद जैमीसन ने स्वीकार किया कि यह तय करना आसान नहीं है कि कोहली इस समय अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं या नहीं।

साभार : सोशल मीडिया

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “यह कहना मुश्किल है कि यह उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है या नहीं। वह लंबे समय से लगातार अच्छा खेल रहे हैं। जब भी उनसे सामना होता है, तो आपको महसूस होता है कि मुकाबला करने के लिए आपको भी अपना सर्वश्रेष्ठ देना होगा।”

जैमीसन के अनुसार, कोहली महज़ एक बल्लेबाज़ नहीं बल्कि एक अलग ही स्तर के खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा, “वह अधिकतर समय शानदार लय में नजर आते हैं।

कोहली जैसे खिलाड़ियों को रोकने के लिए आपको खास रणनीति बनानी पड़ती है, लेकिन ऐसे दिग्गजों पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं होता। वह किसी न किसी तरह अपना दबदबा बनाए रखते हैं।”

आईपीएल में मोटी रकम हासिल करने से लेकर पीठ की गंभीर समस्याओं के कारण लंबे समय तक मैदान से बाहर रहने तक, जैमीसन का करियर भी उतार-चढ़ाव से भरा रहा है।

इन अनुभवों ने उनके नजरिये को बदल दिया है। वह मानते हैं कि अब वह क्रिकेट और मैदान पर मौजूद रहने के लिए पहले से कहीं ज्यादा आभारी हैं।

उन्होंने कहा, “किसी भी खिलाड़ी के करियर में उतार-चढ़ाव आते हैं। सभी के अपने अनुभव होते हैं। मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मुझे करियर के शुरुआती दौर में ही आईपीएल में खेलने का मौका मिला।”

जैमीसन ने आगे कहा, “मेरा नजरिया अब काफी बदल गया है। आजकल मैं दौरे पर जाने, क्रिकेट खेलने और मैदान पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने को लेकर पहले से कहीं ज्यादा कृतज्ञ महसूस करता हूं।”

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

काधे-बंथिया की जोड़ी ने रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलियन ओपन में बनाई जगह

भारतीय टेनिस खिलाड़ी अर्जुन काधे और सिद्धांत बंथिया की जोड़ी ने एशिया-पैसिफिक वाइल्डकार्ड प्ले-ऑफ जीतकर 'ऑस्ट्रेलियन ओपन 2027' में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।

आर्यवर्त-ध्रुव के अर्धशतक, अरशद की गेंदबाजी से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय चैंपियन

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के परांजपे क्रिकेट मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने दिल्ली विश्वविद्यालय को चार रन से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

दो फाइनल, दो उलटफेर और आरव ने जीते दोहरे खिताब

उत्तर प्रदेश के आरव भास्कर ने 24वीं एल्डिको कप आइटा सीएस अंडर-18 टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया। खास बात यह रही कि आरव ने दोनों ही फाइनल में वरीयता में अपने से ऊपर के खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया।

फिट इंडिया मूवमेंट के 100वें संस्करण का गुजरात में भव्य आयोजन 29 नवंबर को

गुजरात 29 नवंबर 2026, रविवार को फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के ऐतिहासिक 100वें संस्करण के राष्ट्रव्यापी समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए तैयार है।