मुकेश कुमार ने माना – मोहम्मद शमी से मिल रही है करियर की दिशा
भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने अपने विकास में अनुभवी मोहम्मद शमी की अहम भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि यह दिग्गज खिलाड़ी लगातार उन्हें मार्गदर्शन देते रहते हैं। उन्होंने कहा, ''मैं उनसे बहुत कुछ सीखता हूं। वह कई…

भारतीय तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने अपने विकास में अनुभवी मोहम्मद शमी की अहम भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि यह दिग्गज खिलाड़ी लगातार उन्हें मार्गदर्शन देते रहते हैं।
उन्होंने कहा, ''मैं उनसे बहुत कुछ सीखता हूं। वह कई वर्षों से भारत के लिए खेल रहे हैं और अब भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। जब भी मैं किसी मुश्किल में होता हूं या चीजें ठीक नहीं चल रही होतीं, तो मैं उनके पास जाता हूं और सवाल पूछता हूं। वह हमेशा मेरी मदद करते हैं।''
बंगाल के इस तेज गेंदबाज का 2025-26 घरेलू सत्र शानदार रहा, जिसमें उन्होंने सभी प्रारूपों में 30 से अधिक विकेट लेकर अपनी अनुशासित गेंदबाजी और क्षमता से प्रभावित किया। मुकेश ने पिछली बार 2023 के अंत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे मैच में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। तब से वह परिणामों के बजाय प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित करते हुए टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने एक समाचार एजेंसी के सवाल पर कहा, ''मैं वर्ल्ड कप या बड़े टूर्नामेंट के बारे में बहुत आगे की नहीं सोचता। मेरा ध्यान इस बात पर है कि आज मुझे क्या करना है, अभ्यास में कैसे सुधार करना है, कौन-कौन सी नई विविधताएं जोड़ सकता हूं और अलग-अलग बल्लेबाजों के खिलाफ कैसे तैयारी करनी है।''
आईपीएल में मुकेश ने पिछले सत्र में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 10 मैचों में सात विकेट लिए और अक्सर अंतिम ओवरों में गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाली। उनका प्रदर्शन हालांकि मिश्रित रहा। वह अब आईपीएल 2026 में एक्शन में नजर आएंगे। इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होगा।
इस 30 वर्षीय गेंदबाज ने कहा कि वह सटीक गेंदबाजी, खासकर यॉर्कर और टी20 क्रिकेट के अनुरूप विविधताओं पर लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ''चाहे यॉर्कर हो या वाइड यॉर्कर, आपको लगातार सुधार करते रहना होता है।
परिस्थितियां और मैच की स्थिति आपको खुद को ढालने की मांग करती हैं।'' आईपीएल के आगामी सत्र को लेकर मुकेश ने अपने लक्ष्य स्पष्ट रखे हैं।
उन्होंने कहा, ''मैं बस टीम के लिए जितना हो सके योगदान देना चाहता हूं और उन्हें मैच जिताने में मदद करना चाहता हूं।'' दिल्ली आईपीएल के आगामी सीजन में एक अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। यह मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
