बारिश और ब्रेक प्वाइंट का खेल: थाईलैंड ने भारत को दी मात, अब न्यूजीलैंड से चुनौती
सहजा यमलापल्ली को तीन सेट तक चले मैच में पैचरिन चीपचंदेज से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते भारत को बुधवार को यहां बारिश से प्रभावित बिली जीन किंग कप टेनिस टूर्नामेंट के एशिया-ओशिनिया ग्रुप एक के अपने पहले मुकाबले…

सहजा यमलापल्ली को तीन सेट तक चले मैच में पैचरिन चीपचंदेज से हार का सामना करना पड़ा, जिसके चलते भारत को बुधवार को यहां बारिश से प्रभावित बिली जीन किंग कप टेनिस टूर्नामेंट के एशिया-ओशिनिया ग्रुप एक के अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी।
विश्व रैंकिंग में 384वें स्थान पर मौजूद सहजा पर काफी उम्मीदें टिकी थीं। यह मैच बारिश के कारण मंगलवार को बीच में रोक दिया गया था।
पहला एकल मुकाबला हारने के बाद भारत को सहजा से वापसी की उम्मीद थी, लेकिन 25 वर्षीय खिलाड़ी टीम को मुकाबले में बनाए रखने में सफल नहीं हो सकीं। वह विश्व रैंकिंग में 449वें स्थान पर काबिज पैचरिन से 4-6, 6-1, 4-6 से हार गईं। यह मुकाबला कुल दो घंटे 25 मिनट तक चला।

निर्णायक सेट में 3-4 के स्कोर से खेल दोबारा शुरू हुआ। सहजा ने फोरहैंड शॉट बाहर मार दिया, जिसका फायदा उठाकर पैचरिन ने अपनी सर्विस बरकरार रखी और 5-3 की बढ़त बना ली। इसके बाद सहजा ने अपनी सर्विस बचाई, जब पैचरिन का बैकहैंड स्लाइस नेट में जा लगा, जिससे स्कोर 4-5 हो गया।
मुकाबला बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया था। सहजा ने शानदार ग्राउंडस्ट्रोक लगाए और बेसलाइन पर दबदबा बनाया। उन्होंने थाई खिलाड़ी की गलतियों का फायदा उठाते हुए ब्रेक प्वाइंट भी हासिल किया। हालांकि निर्णायक क्षणों में उनसे चूक हो गई और उनके शॉट बाहर चले गए। इसके बाद रिटर्न शॉट पर भी गलती करने के कारण पैचरिन ने मैच अपने नाम कर लिया।
इससे पहले मंगलवार को वैष्णवी अडकर को औंचिसा चांता के खिलाफ 1-6, 3-6 से हार झेलनी पड़ी थी। इस तरह युगल मुकाबला अब औपचारिक बन गया है, जिसमें रुतुजा भोसले और अंकिता रैना का सामना थासापोर्न नाकलो और पेंगटार्न प्लिप्यूच से होगा। भारत अपना दूसरा मुकाबला बाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेगा।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
