द इंडियन व्यू

घरेलू लीग से ग्लोबल स्टेज तक पीडब्ल्यूएल के पहलवानों का जलवा

नई दिल्ली : इस साल की शुरुआत में प्रोफेशनल रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) की सफल वापसी का असर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सीजन 5 में हिस्सा लेने वाले कई भारतीय और विदेशी पहलवानों ने प्रमुख वैश्विक…

Ragwendra P Singh
April 16, 2026
3 min read
घरेलू लीग से ग्लोबल स्टेज तक पीडब्ल्यूएल के पहलवानों का जलवा

नई दिल्ली : इस साल की शुरुआत में प्रोफेशनल रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) की सफल वापसी का असर अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सीजन 5 में हिस्सा लेने वाले कई भारतीय और विदेशी पहलवानों ने प्रमुख वैश्विक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है।

जनवरी में नोएडा इंडोर स्टेडियम में आयोजित पीडब्ल्यूएल सीजन 5 में विश्वस्तरीय पहलवानों के साथ भारत के स्थापित और उभरते प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिससे यह एक शीर्ष प्रतिस्पर्धी मंच के रूप में और मजबूत हुआ।

लीग का प्रभाव अब अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में खिलाड़ियों के प्रदर्शन में नजर आ रहा है, जो एक मजबूत घरेलू प्रतिस्पर्धी ढांचे की अहमियत को दर्शाता है। इस सूची में सबसे आगे सुजीत कलकल रहे हैं, जो पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में दुनिया के शीर्ष पहलवानों में शामिल हो चुके हैं।

वर्तमान में ईरान के विश्व चैंपियन और ओलंपिक रजत पदक विजेता रहमान अमौज़ाद के बाद विश्व रैंकिंग में दूसरे
स्थान पर काबिज सुजीत ने पीडब्ल्यूएल सीजन 5 में दिल्ली दंगल वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व किया था, जहां उन्होंने सात में से छह मुकाबले जीतकर उपविजेता का स्थान हासिल किया।

लीग के बाद से सुजीत ने लगातार तीन अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीते हैं, जिसमें ज़ाग्रेब और मुहामेत मालो रैंकिंग सीरीज़ के साथ-साथ इस महीने की शुरुआत में किर्गिस्तान के बिश्केक में एशियन चैंपियनशिप का खिताब शामिल है।

महिला 53 किग्रा वर्ग में मीनाक्षी गोयत भी पीडब्ल्यूएल सीजन 5 की बड़ी सफलता बनकर उभरी हैं। पंजाब रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने लीग में अपने तीनों मुकाबले जीते और फिर नेशनल ट्रायल्स में अंतिम पंघल को हराकर भारतीय टीम में जगह बनाई।

इसके बाद उन्होंने मुहामेत मालो टूर्नामेंट और बिश्केक में एशियन चैंपियनशिप दोनों में रजत पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत की है।

अन्य प्रमुख प्रदर्शनकर्ताओं में ओलंपिक रजत पदक विजेता अमन सहरावत (पुरुष 61 किग्रा), जिन्होंने टाइगर्स ऑफ मुंबई डैंगल्स के लिए खेलते हुए ज़ाग्रेब और बिश्केक में रजत पदक जीते, जबकि दिनेश धनखड़ (पुरुष 125 किग्रा) ने पंजाब रॉयल्स के लिए दोनों प्रतियोगिताओं में कांस्य पदक हासिल किए।

हरियाणा थंडर्स की नेहा सांगवान ने भी मुहामेत मालो में रजत और बिश्केक में कांस्य पदक जीतकर प्रभावित किया। सबसे उत्साहजनक प्रदर्शन उभरते हुए भारतीय पहलवान अभिमन्यु (पुरुष 70 किग्रा) का रहा। 24 वर्षीय सीआईएसएफ कांस्टेबल, जिन्होंने लीग में यूपी डॉमिनेटर्स का प्रतिनिधित्व किया, ने बिश्केक में फाइनल में मंगोलिया के दिग्गज और पूर्व एशियन गेम्स चैंपियन टॉमोर-ओचिरिन तुलगा को हराकर स्वर्ण पदक जीता।

लीग का प्रभाव अंतरराष्ट्रीय सितारों पर भी देखने को मिला। कनाडा की विश्व पदक विजेता कार्ला गोडिनेज गोंजालेज, जिन्होंने दिल्ली दंगल वॉरियर्स का प्रतिनिधित्व किया, ने ज़ाग्रेब में रजत पदक जीता, जबकि जापान की दिग्गज पहलवान यूई सुसाकी, जो खिताब जीतने वाली हरियाणा थंडर्स टीम का हिस्सा थीं, ने बिश्केक में एक और एशियाई खिताब अपने नाम किया।

इस साल के अंत में होने वाले एशियन गेम्स और विश्व चैंपियनशिप को देखते हुए पीडब्ल्यूएल सीजन 5 के पहलवानों,
खासकर भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन देश के लिए बेहद सकारात्मक संकेत दे रहा है।

पीडब्ल्यूएल सीजन 5 से उभरते खिलाड़ियों की लगातार सफलता यह साबित करती है कि यह लीग भारत के कुश्ती
इकोसिस्टम को मजबूत करने और खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा का मंच देने में अहम भूमिका निभा रही है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।