पीएम मोदी ने लचित बोरफुकन की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, असम के गौरवशाली इतिहास को किया याद

नई दिल्ली ( अभिषेक सिंह ) :
मातृभूमि और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अद्वितीय पराक्रम का परिचय देने वाले असम के महान सेनानायक लचित बोरफुकन की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा सहित कई नेताओं ने भी वीर सेनानायक को नमन करते हुए उनके साहस, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम को याद किया।
पीएम मोदी ने असम की शक्ति और जज्बे को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “लचित दिवस पर, हम महान लचित बोरफुकन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिनके साहस और दृढ़ संकल्प ने असम की रक्षा करने में मदद की। उनका अद्भुत नेतृत्व और लोगों के प्रति समर्पण आज भी पीढ़ियों को प्रेरित करता है, और साथ ही हमें असम की शक्ति और जज्बे की याद दिलाता है।”
योगी आदित्यनाथ ने बताया साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “मातृभूमि और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए अद्वितीय पराक्रम का परिचय देने वाले महान सेनानायक लचित बोरफुकन की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि। उनका जीवन हमें साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।”
हिमंता सरमा ने सरायघाट के युद्ध में पराक्रम को किया याद
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “लचित दिवस पर, हम अहोम साम्राज्य के अमर सेनापति लचित बोरफुकन को नमन करते हैं। सरायघाट की लड़ाई में, असम की संप्रभुता की रक्षा के लिए उन्होंने जिस अदम्य साहस, रणनीतिक कुशलता और अटूट देशभक्ति के साथ मुगल सेनाओं का सामना किया, वह असम और पूरे भारत के लिए हमेशा गर्व का विषय रहेगा।”
लचित बोरफुकन की विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के प्रयास
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने आगे लिखा कि उनकी सरकार ने लचित बोरफुकन की महान विरासत को सम्मान देने और उनकी वीरता की गाथाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के लिए कई कदम उठाए हैं। इनमें उनकी 400वीं जयंती का भव्य आयोजन, जोरहाट में उनकी विशाल प्रतिमा और ‘मैदम कॉम्प्लेक्स’ का निर्माण, कई राज्यों के स्कूली पाठ्यक्रम में उनकी गाथा को शामिल करना और उनकी जीवनियों का 23 भारतीय भाषाओं में अनुवाद कराना शामिल है। उन्होंने कहा कि उनकी विरासत को संजोने और उन्हें सम्मान देने के लिए सरकार आगे भी हर संभव प्रयास करती रहेगी।
