द इंडियन व्यू

नौ महीने से कम समय में एचपीवी वैक्सीन की 1 करोड़ से अधिक खुराकें, पीएम मोदी ने उपलब्धि की सराहना

Poonam Kumari
November 24, 2026
2 min read
नौ महीने से कम समय में एचपीवी वैक्सीन की 1 करोड़ से अधिक खुराकें, पीएम मोदी ने उपलब्धि की सराहना

नई दिल्ली ( सरिता त्रिपाठी) :

भारत ने किशोरियों को सर्विकल कैंसर से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत नौ महीने से भी कम समय में ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीन की 1 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रसन्नता जताते हुए इसे देश में निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और बेटियों को सर्विकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव बताया है। अभियान के तहत 14 वर्ष की लगभग 1.2 करोड़ किशोरियों के वार्षिक लक्ष्य का करीब 87% हासिल कर लिया गया है।

पीएम मोदी ने स्वास्थ्य क्षेत्र के सामूहिक प्रयासों को सराहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस उपलब्धि को भारत की निवारक स्वास्थ्य सेवा यात्रा में एक प्रमुख पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन की प्रत्येक खुराक बालिकाओं को सर्विकल कैंसर से बचाने और उनके स्वस्थ भविष्य को सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री ने इस उपलब्धि में योगदान देने वाले सभी लोगों और संस्थाओं के प्रयासों की भी सराहना की।

उपराष्ट्रपति ने मंत्रालय, राज्य सरकारों और स्वास्थ्यकर्मियों को दी बधाई

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी नौ महीने से कम समय में एचपीवी वैक्सीन की 1 करोड़ से अधिक खुराकें दिए जाने की उपलब्धि की प्रशंसा की। उन्होंने इसे सर्विकल कैंसर के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण सफलता बताया। साथ ही, राष्ट्रव्यापी अभियान को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राज्य सरकारों और स्वास्थ्य पेशेवरों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की। उपराष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, किशोरियों की सुरक्षा तथा महिलाओं की आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ भविष्य सुनिश्चित करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें