चोट के बावजूद जीत का जज्बा, रबाडा ने टीम के योगदान को सराहा
पसलियों में चोट के चलते भारत के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर रहे दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा अपनी टीम की असफलताओं से उबरने और किसी भी खिलाड़ी के नहीं खेल पाने के बावजूद जीत का रास्ता तलाशने की क्षमता से काफी…

पसलियों में चोट के चलते भारत के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर रहे दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कागिसो रबाडा अपनी टीम की असफलताओं से उबरने और किसी भी खिलाड़ी के नहीं खेल पाने के बावजूद जीत का रास्ता तलाशने की क्षमता से काफी प्रभावित हैं।
मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप विजेता दक्षिण अफ्रीका टीम ने रविवार को यहां पहले टेस्ट में भारत को तीन दिन के अंदर 30 रन से हराया। दक्षिण अफ्रीका की यह पिछले 15 साल में भारतीय धरती पर पहली जीत थी जिससे उसने दो मैच की श्रृंखला में 1-0 की अजेय बढ़त बनाई।
रबाडा ने क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका द्वारा साझा वीडियो में कहा, ‘‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन बाहर बैठता है, हम तब भी जीतने का एक तरीका ढूंढ लेंगे। (कप्तान) तेम्बा (बावुमा) ने हमारे लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है लेकिन वह प्रत्येक मैच में नहीं खेल पाए। मैं भी इस मैच में नहीं खेल पाया था।’’

बावुमा चोटिल होने के कारण पाकिस्तान में दो टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाने के बाद अंतिम एकादश में लौटे हैं। दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान के खिलाफ पहला मैच गंवाने के बाद शानदार वापसी करके श्रृंखला 1-1 से बराबर कराई थी।
रबाडा ने कहा, ‘‘इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। जो भी मैदान पर उतरेगा, हमारा मानना है कि वह अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभा सकता है।‘‘
दक्षिण अफ्रीका यहां के असमान उछाल और टर्न लेने वाले विकेट पर जीत हासिल करने में सफल रहा। रबाडा ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन की सराहना की, जिसमें कप्तान बावुमा की दूसरी पारी में खेली गई 55 रन की पारी भी है।
रबाडा ने कहा, ‘‘पहली पारी में एडेन (मार्करम) और (रयान) रिकेल्टन ने हमें अच्छी शुरुआत दी। उन्होंने लय बनाई। मार्को (यानसन) ने अच्छा प्रदर्शन किया। बोस्ची (कॉर्बिन बॉश) अहम मौकों पर डटे रहे। सभी ने योगदान दिया और यही इस टीम की विशेषता है।’’
अब तक यह सुनिश्चित नहीं है कि रबाडा 22 नवंबर से गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में खेल पाएंगे या नहीं। रबाडा ने कहा कि कोलकाता में कम स्कोर वाले रोमांचक मैच में मिली जीत इस सत्र में दक्षिण अफ्रीका की सर्वश्रेष्ठ तीन जीत में शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘(यह जीत) निश्चित रूप से शीर्ष पर है।
इस सत्र में हमने जिस तरह की जीत हासिल की है, उसके आधार पर यह कहना मुश्किल है, क्योंकि हमने कुछ शानदार जीत हासिल की हैं, लेकिन यह जीत निश्चित रूप से शीर्ष तीन में है।’’
सम्बंधित ख़बरें
मार्क मार्केज का बड़ा ऐलान, वैलेंसिया ग्रां प्री होगी करियर की आखिरी रेस
स्पेन के दिग्गज राइडर और विश्व चैंपियन मार्क मार्केज मोटोजीपी से संन्यास लेने जा रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को अचानक घोषणा की कि इस सप्ताहांत होने वाली वैलेंसिया ग्रां प्री उनकी पेशेवर राइडर के रूप में अंतिम रेस होगी। उनकी टीम डुकाटी ने भी इसकी पुष्टि कर दी है।
पांच खिताब का कप्तान फिर लौटा, रोहित के हाथों में मुंबई की कमान
अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को 2027 इंडियन प्रीमियर लीग से पहले शुक्रवार को तीन साल के अंतराल के बाद फिर मुंबई इंडियंस का कप्तान नियुक्त किया गया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घटाई महिला खिलाड़ियों की अनुबंध सूची, आठ को मिला मौका
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 2026-27 सत्र के लिए आठ महिला क्रिकेटरों के केंद्रीय अनुबंधों की घोषणा की है। इसमें फातिमा सना और सादिया इकबाल को श्रेणी ए में जगह मिली है। पिछले अनुबंध चक्र में 20 खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध दिया गया था, लेकिन इस बार यह संख्या घटाकर आठ कर दी गई है।
10 खिलाड़ियों के साथ बॉर्नमाउथ का कमाल, सेल्टा विगो को हराकर जीत का सिलसिला बरकरार
10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही बॉर्नमाउथ ने यूईएफए यूरोपा लीग में सेल्टा विगो को 2-1 से हराया। टीम ने पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की और लगातार पांचवें मुकाबले में जीत हासिल की।
