ऐतिहासिक 1500 मीटर जीत : पुर्तगाल के नादेर बने विश्व चैंपियन
बुधवार को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कई ऐतिहासिक पल देखने को मिले। पुर्तगाल के इसाक नादेर ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में 3 मिनट 34.10 सेकंड का समय निकालकर नाटकीय जीत दर्ज की और पहला वैश्विक खिताब जीता। यह उनके…

बुधवार को विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कई ऐतिहासिक पल देखने को मिले। पुर्तगाल के इसाक नादेर ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में 3 मिनट 34.10 सेकंड का समय निकालकर नाटकीय जीत दर्ज की और पहला वैश्विक खिताब जीता। यह उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

2022 के विश्व विजेता ब्रिटेन के जेक वाइटमैन 3:34.12 सेकंड के समय के साथ बेहद करीबी मुकाबले में दूसरे स्थान पर रहे। केन्या के रेनॉल्ड चेरुइयोट ने 3:34.25 सेकंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक जीता।
26 वर्षीय नादेर का यह प्रदर्शन उनके अब तक के करियर का सर्वश्रेष्ठ है। इससे पहले, वे दो बार विश्व इंडोर चैंपियनशिप में शीर्ष आठ में रहे थे। महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में केन्या की फेथ चेरोटिच ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 8 मिनट 51.59 सेकंड के समय के साथ चैंपियनशिप रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता।
2023 बुडापेस्ट विश्व चैंपियनशिप और 2024 पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीत चुकी चेरोटिच ने इस बार नया कीर्तिमान रच दिया। गत चैंपियन और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 8:56.46 सेकंड के साथ रजत, और इथियोपिया की सेम्बो अल्मायू ने 8:58.86 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक जीता।
पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत के नीरज चोपड़ा और पाकिस्तान के अरशद नदीम ने फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। नीरज ने अपनी पहली ही थ्रो में 84.85 मीटर भाला फेंककर क्वालीफिकेशन मानक पार कर लिया। वहीं नदीम को कुछ संघर्ष करना पड़ा, लेकिन तीसरे प्रयास में 85.28 मीटर की दूरी तय कर उन्होंने भी फाइनल में स्थान बना लिया।
क्वालीफाइंग सूची में नीरज पांचवें, जबकि नदीम चौथे स्थान पर रहे। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 89.83 मीटर की थ्रो के साथ शीर्ष पर रहे, और जर्मनी के जूलियन वेबर 87.21 मीटर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। न्यूजीलैंड के हामिश केर ने पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में 2.36 मीटर की छलांग लगाकर अपना पहला वैश्विक आउटडोर खिताब जीता।
दक्षिण कोरिया के वू सांग-ह्योक, जो 2022 में इनडोर चैंपियन रहे थे, उन्होंने 2.34 मीटर की कूद लगाकर दूसरा विश्व रजत पदक हासिल किया। चेक गणराज्य के जान स्टेफेला ने 2.31 मीटर की कूद पूरी कर कांस्य पदक जीता।
उन्होंने काउंटबैक में यूक्रेन के ओलेह डोरोशचुक को पछाड़ा। इन बेहतरीन प्रदर्शनों ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप को यादगार बना दिया, जहां युवा सितारों और अनुभवी खिलाड़ियों ने नए कीर्तिमान स्थापित किए।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
