एनीमिया के खिलाफ भारत की बड़ी जीत: ICMR के सम्पदा सर्वेक्षण में पिछले सर्वेक्षणों की तुलना में कम मामले, गंभीर एनीमिया 2% से नीचे

अभिषेक सिंह
नई दिल्ली: भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के हालिया 'सम्पदा' (SAMPADA) सर्वेक्षण ने एनीमिया (खून की कमी) के मामलों को लेकर एक बड़ी राहत देने वाली जानकारी दी है। सर्वेक्षण के अनुसार, पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में देश में एनीमिया का प्रचलन कम पाया गया है और अधिकांश मामले हल्के (mild) श्रेणी के हैं।
सर्वेक्षण के अनुसार, 12 से 59 महीने के बच्चों में एनीमिया का प्रचलन 42 प्रतिशत और 10 से 19 वर्ष की किशोरियों में यह 46 प्रतिशत पाया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि गंभीर एनीमिया (severe anaemia) के मामले अधिकांश आयु वर्गों में 2 प्रतिशत से भी कम पाए गए। यह डेटा 2023 से 2025 के बीच 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों के 81,000 से अधिक परिवारों और दो लाख से अधिक व्यक्तियों पर किए गए सर्वेक्षण पर आधारित है।
सम्पदा सर्वेक्षण की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सटीकता है। इसमें वेनस ब्लड सैंपलिंग और ऑटोमेटेड तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिसे एनीमिया के मापन का 'गोल्ड स्टैंडर्ड' माना जाता है। यह सर्वेक्षण 'एनीमिया मुक्त भारत' अभियान को और मजबूत करने के लिए व्यापक राष्ट्रीय साक्ष्य प्रदान करता है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस सर्वेक्षण को 'एनीमिया मुक्त भारत' की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न पोषण कार्यक्रमों और जागरूकता अभियानों का सकारात्मक असर हो रहा है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि अभी भी बच्चों और किशोरियों में एनीमिया की दर चिंताजनक है और इस पर और अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। यह सर्वेक्षण भविष्य की नीतियों और कार्यक्रमों के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करेगा।
