ईरानी कप Day 1 : अथर्व ताइडे के शतक से विदर्भ की वापसी, पहले दिन 280/5
विदर्भ ने अथर्व ताइडे के नाबाद शतक से ईरानी कप मैच के पहले दिन बुधवार को यहां शेष भारत के खिलाफ पांच विकेट पर 280 रन बनाए। ताइडे ने 240 गेंद में 12 चौकों और एक छक्के से नाबाद 118 रन बनाए। @BCCIdomestic यश राठौड़ ने भी…

विदर्भ ने अथर्व ताइडे के नाबाद शतक से ईरानी कप मैच के पहले दिन बुधवार को यहां शेष भारत के खिलाफ पांच विकेट पर 280 रन बनाए। ताइडे ने 240 गेंद में 12 चौकों और एक छक्के से नाबाद 118 रन बनाए।

यश राठौड़ ने भी 153 गेंद में छह चौकों और एक छक्के से 91 रन की पारी खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए उस समय 184 रन की साझेदारी की जब टीम 80 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद संकट में थी। रणजी ट्रॉफी चैंपियन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने सात ओवर में बिना विकेट गंवाए 40 रन बनाए लेकिन इसके बाद जल्द ही तीन विकेट गंवा दिए।
भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप ने दूसरे ओवर की पहली ही गेंद पर ताइडे को बोल्ड किया था, यह नोबॉल हो गई। आकाशदीप (35 रन पर दो विकेट) ने आठवें ओवर में अमन मोखाडे (19) को विकेटकीपर इशान किशन के हाथों कैच कराके शेष भारत को पहली सफलता दिलाई।
मैदानी अंपायर ने मोखाडे को आउट नहीं दिया, डीआरएस लेने पर उन्हें फैसला बदलना पड़ा। आकाशदीप ने 10वें ओवर में ताइडे को फिर परेशान किया लेकिन शेष भारत की टीम ने अपील नहीं की। बाद में रीप्ले में दिखा कि गेंद बल्ले का अंदरूरनी किनारा लेकर विकेटकीपर के पास गई थी।
अगले ओवर में अंशुल कंबोज ने भी ताइडे को पहली स्लिप में लगभग कैच करा ही दिया था लेकिन रीप्ले में दिखा कि क्षेत्ररक्षक के हाथों में पहुंचने से पहले गेंद जमीन को छू गई थी।
किशन ने 22वें ओवर में ध्रुव शौरे (18) का कैच टपकाया लेकिन विदर्भ का यह बल्लेबाज जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाया और अगले ओवर में बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार (64 रन पर तीन विकेट) का शिकार बना। दो गेंद बाद सुथार ने दानिश मालेवार (00) को विकेटकीपर के हाथों कैच कराके विदर्भ का स्कोर 80 रन पर तीन विकेट किया।
ताइडे और राठौड़ ने विदर्भ को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। गेंदबाजों ने एक बार फिर शेष भारत को वापसी दिलाई। राठौड़ शतक से चूक गए जब उन्होंने सुथार की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में 74वें ओवर में गुरनूर बरार को कैच थमाया। कप्तान अक्षय वाडकर भी सिर्फ पांच रन बनाने के बाद आकाशदीप की गेंद पर किशन को कैच दे बैठे।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
