‘आजाद कश्मीर’ टिप्पणी पर उठे विवाद के बाद सना मीर बैकफुट पर
पूर्व पाकिस्तानी कप्तान सना मीर ने महिला विश्व कप के दौरान अपनी विवादास्पद ‘आजाद कश्मीर’ टिप्पणी का बचाव करते हुए बोला कि यह केवल बल्लेबाज नतालिया परवेज के ‘विवादित क्षेत्र’ से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक के सफर के दौरान…

पूर्व पाकिस्तानी कप्तान सना मीर ने महिला विश्व कप के दौरान अपनी विवादास्पद ‘आजाद कश्मीर’ टिप्पणी का बचाव करते हुए बोला कि यह केवल बल्लेबाज नतालिया परवेज के ‘विवादित क्षेत्र’ से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक के सफर के दौरान सामने आई ‘चुनौतियों’ की जानकारी देने के बारे में था।

पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गये मैच में कमेंट्री के दौरान सना ने कहा कि परवेज ‘आजाद कश्मीर’ से हैं। यह टिप्पणी भारतीय प्रशंसकों को पसंद नहीं आई और उन्होंने बताया कि सही शब्द पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) हैं। भारतीय प्रशंसकों ने सना पर राजनीतिक टिप्पणी करने का आरोप लगाया।
सना ने इन आरोपों के बाद ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘एक पाकिस्तानी खिलाड़ी के गृहनगर के बारे में मेरी टिप्पणी का उद्देश्य केवल यह बताना था कि पाकिस्तान के एक खास क्षेत्र से आने के कारण उसे किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा और उसका अविश्वसनीय सफर कैसा रहा।

यह उस कहानी का हिस्सा है जो हम कमेंटेटर के तौर पर बताते हैं कि खिलाड़ी कहां से आते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने आज दूसरे क्षेत्रों से आने वाले दो अन्य खिलाड़ियों के लिए भी ऐसा ही किया। कृपया इसका राजनीतिकरण न करें।
वैश्विक प्रसारण के लिए एक कमेंटेटर के रूप में हमारा काम खेल, टीमों और खिलाड़ियों पर ध्यान केंद्रित कर उनके साहस और दृढ़ता की प्रेरक कहानियों को उजागर करना है। मेरे दिल में कोई दुर्भावना नहीं है या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं है।’’
भारतीय प्रशंसकों ने आईसीसी और बीसीसीआई को टैग करते हुए खेल प्रसारण का ‘राजनीतिकरण’ करने के लिए उन्हें कमेंट्री टीम से हटाने की मांग की। सना ने हालांकि कहा कि उनकी टिप्पणी को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया और उन्होंने अपने द्वारा इस्तेमाल किए गए शोध स्रोत का एक स्क्रीनशॉट पोस्ट किया।
उन्होंने कहा कि इस स्रोत को बाद में अपडेट कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कैसे चीजों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और खेलों से जुड़े लोगों पर अनावश्यक दबाव डाला जा रहा है। यह दुखद है कि इसके लिए सार्वजनिक स्तर पर स्पष्टीकरण की आवश्यकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं वह स्क्रीनशॉट भी संलग्न कर रही हूं जहां से मैं ज्यादातर खिलाड़ियों पर शोध करती हूं, चाहे वे पाकिस्तान के हों या किसी और देश के। मुझे पता है कि अब तक उन्होंने इसे बदल दिया होगा, लेकिन मैं इसी की बात कर रही थी।’’ भारत और श्रीलंका महिला क्रिकेट के वैश्विक महाकुंभ की संयुक्त मेजबानी कर रहे हैं।
पाकिस्तान अपने सभी मैच श्रीलंका में खेल रहा है। यूएई में पुरुषों के एशिया कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच तनातनी देखने को मिली। यह विवाद फाइनल में उस समय और बढ़ गया जब भारत को फाइनल में पाकिस्तान को हराकर चैंपियन बनने के बावजूद ट्रॉफी नहीं दी गयी।
भारतीय खिलाड़ियों ने इस साल पहलगाम में आतंकवादी हमले के विरोध में एशियाई क्रिकेट परिषद और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। नकवी पाकिस्तान सरकार में गृह मंत्री भी है।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
