बेसिक्स’ पर फोकस से अर्शदीप की वापसी, बहुतुले ने बताया फॉर्म का राज
भारत और पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में शुरुआत में संघर्ष करने के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया। टीम के सहायक कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि ‘बेसिक्स’…

भारत और पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में शुरुआत में संघर्ष करने के बाद मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया। टीम के सहायक कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि ‘बेसिक्स’ (बुनियादी चीजों) पर ध्यान देने से उन्हें अपनी फॉर्म वापस पाने में मदद मिली है।
वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में अर्शदीप ने रयान रिकेल्टन (02) और सूर्यकुमार यादव (00) को लगातार गेंदों पर आउट किया। इसके बाद उन्होंने शेरफेन रदरफोर्ड (01) को भी पवेलियन भेजा और कुल तीन विकेट हासिल किए।
मैच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बहुतुले ने कहा, ‘‘अर्शदीप ने पहले दो मैच में अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन पिचों की प्रकृति के कारण गेंदबाजी में विविधता लाना जरूरी होता है और कभी-कभी ऐसा होता है कि आप अपनी मुख्य गेंद फेंकना भूल जाते हैं।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘लेकिन वह अपनी खेल की बारीकियों को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने पिछले कुछ दिनों में अपने ‘बेसिक्स’ पर काम किया। उन्होंने जमकर अभ्यास किया और उन्हें केवल उसी पर ध्यान देने की जरूरत थी जिसमें वह सबसे अच्छे हैं।’’
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने यह भी कहा, ‘‘उनकी सोच बिल्कुल स्पष्ट थी। उन्होंने यह समझा कि उनके लिए क्या सही है और उनका मजबूत पक्ष क्या है। उन्होंने ठीक वैसा ही किया।’’ बहुतुले ने प्रभसिमरन सिंह के दृष्टिकोण में आए बदलाव का श्रेय मुख्य कोच रिकी पोंटिंग को दिया, जिन्होंने 80 रन की नाबाद पारी खेली।
उन्होंने कहा, ‘‘इसका काफी श्रेय ड्रेसिंग रूम में रिकी की मौजूदगी को भी जाता है। वह खुद इतने सकारात्मक हैं कि सभी बल्लेबाज उनसे प्रेरणा लेते हैं।’’
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी को सौंपा रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
