अपराधी की जाति सिर्फ अपराध, बेसिरपैर की बयानबाजी से बचें अखिलेश : कैबिनेट मंत्री
लखनऊ। इटावा में हुई हिंसक घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर इस घटना को…

लखनऊ। इटावा में हुई हिंसक घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर स्थिति पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर इस घटना को जातिवादी रंग देने का आरोप लगाया और स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश सरकार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कभी भी जाति को आधार नहीं बनाती। मंत्री ने घटना के बाद प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और भविष्य में कठोर कदम उठाने की प्रतिबद्धता को भी जाहिर किया।
कानून हाथ में लेने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
जयवीर सिंह ने बताया कि इटावा में हुई इस अप्रिय घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच के आधार पर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद, स्थानीय उपद्रवियों द्वारा की गई हिंसा के सिलसिले में 15 और लोगों को हिरासत में लिया गया। क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। मंत्री ने कहा कि यह एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई घटना प्रतीत होती है। हम इसका पूरी तरह पर्दाफाश करेंगे और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कानून हाथ में लेने वालों, चाहे वे किसी भी जाति या समुदाय से हों, को बख्शा नहीं जाएगा।
समाज को जाति-वर्ग में बांटना, सपा का चाल, चरित्र और चेहरा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव पर इस घटना को जातिवादी रंग देने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने बिना तथ्यों की जांच किए और बिना सोचे-समझे इस घटना को ब्राह्मण समाज के खिलाफ टारगेट कर जातिवादी रंग देने की कोशिश की। आज की हिंसा उनके बयानों से प्रेरित है। सपा का हमेशा से यही चरित्र रहा है कि समाज को जाति और वर्ग में बांटकर राजनीतिक लाभ लिया जाए। यह निंदनीय और अनुचित है। उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सनातन संस्कृति का सम्मान करती है, न कि जातिवाद को बढ़ावा देती है। हमारा लक्ष्य प्रदेश को तरक्की के रास्ते पर ले जाना है। जो लोग प्रदेश को 2012 से पहले के अराजकता और गुंडई के दौर में वापस ले जाना चाहते हैं, उनकी साजिश को जनता समझ चुकी है।
अपराध ही है अपराधियों की जाति
मंत्री ने जोर देकर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपराधियों को उनकी जाति के आधार पर नहीं, बल्कि उनके अपराध के आधार पर दंडित करती है। उन्होंने कहा कि अपराधी की जाति उसका अपराध है। चाहे कोई भी हो, जो कानून को चुनौती देगा, उसे कठोर सजा मिलेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्दोष लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी और सभी कार्रवाई सबूतों और तथ्यों के आधार पर होंगी।
कुछ लोग उत्तर प्रदेश की प्रगति और दंगा-मुक्त स्थिति से परेशान
जयवीर सिंह ने दावा किया कि कुछ लोग उत्तर प्रदेश की प्रगति और दंगा-मुक्त स्थिति से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि यूपी आज सरप्लस रेवेन्यू स्टेट बन चुका है। यह तरक्की और शांति कुछ लोगों को रास नहीं आ रही। सत्ता हासिल करने के लिए ओछे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं और प्रदेश को फिर से जातिवाद और अराजकता की आग में झोंकने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने 2017 के बाद से यूपी में माफिया तंत्र के खात्मे और कानून-व्यवस्था में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने 2017 में ऐसी ताकतों को सत्ता से बेदखल कर दिया था, जो गुंडई और अराजकता को बढ़ावा देती थीं।
सनातन धर्म जाति नहीं, बल्कि गुण और धर्म का सम्मान करता है
मंत्री ने भाजपा की नीतियों का हवाला देते हुए कहा कि उनकी पार्टी सभी जातियों और धर्मों का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि हम महर्षि वाल्मीकि, महर्षि वेद व्यास, संत रविदास, जय गुरुदेव और बाबा रामदेव जैसे महापुरुषों को जाति के आधार पर नहीं, बल्कि उनके गुणों और योगदान के आधार पर सम्मान देते हैं। सनातन धर्म जाति नहीं, बल्कि गुण और धर्म का सम्मान करता है। उन्होंने वाराणसी में संत रविदास की जन्मस्थली पर भव्य निर्माण और महाकुंभ में सफाईकर्मियों के सम्मान का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने हमेशा दबे-कुचले और शोषित समाज को सम्मान दिया है। इसके विपरीत, उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में हिंदू और दलित महापुरुषों जैसे कबीर दास और डॉ बीआर अंबेडकर के नाम पर बने संस्थानों के नाम बदलने का काम किया गया।
जनता किसी अफवाह और बहकावे में न आए
जयवीर सिंह ने सपा पर अपराधियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने राजू पाल और उमेश पाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि सपा ने इन मामलों में हत्यारों को संरक्षण दिया। उन्होंने कहा कि सपा की परंपरा, चाल, चरित्र और चेहरा हमेशा से समाज को बांटने और अपराधियों को बढ़ावा देने वाला रहा है। मंत्री ने जनता से अपील की कि वे इटावा की घटना को तथ्यों के आधार पर समझें और किसी भी तरह की अफवाह या बहकावे में न आएं। उन्होंने कहा कि चाहे यह घटना कथावाचन से जुड़ी हो या आज की हिंसा से, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।
अखिलेश प्रदेश की सुख, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण को न बिगाड़ें
जयवीर सिंह ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन प्रदेश में सुख, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने का प्रयास न करें। बेसिरपैर और तथ्यहीन बयानबाजी से बचें। मंत्री ने बताया कि इस घटना के बाद पूरे प्रदेश के जिलों को सतर्क कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी लापरवाही हुई होगी, उसकी जांच की जाएगी। सभी सबूतों और पहचान के आधार पर दोषियों को चिह्नित किया जाएगा। निर्दोष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
सपा के गुंडों ने की है मासूम आर्यवर्धन की निर्मम हत्या, इस निर्मम कृत्य को करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे: सीएम योगी
एराफेस्टा में छात्रों ने सांस्कृतिक और खूलकूद प्रतियोगिताओं में दिखाया कमाल
एरा यूनिवर्सिटी में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक और खेल महोत्सव एराफेस्टा का समापान बेहद भव्य अंदाज में हुआ। इस मौके पर मेन ग्राउंड पर शानदार सांस्कृतिक संध्या में गीत संगीत और गज़़ल जैसी गतिविधियां आयोजित हुईं।
NLMS स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वार्षिक खेल दिवस, विजेता प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
न्यू लखनऊ मॉन्टेसरी स्कूल द्वारा 14 नवंबर को वार्षिक खेल दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्पोर्ट्स गैलेक्सी स्टेडियम में किया गया, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।
उत्तर प्रदेश का ‘वूमेन इकोनॉमिक एंपावरमेंट इंडेक्स 2.0’
महिलाओं के वास्तविक लाभ का कैनवास
