रणजी ट्रॉफी : केरल के खिलाफ विदर्भ की पकड़ मजबूत
केरल और विदर्भ के बीच रणजी ट्रॉफी का फाइनल खेला जा रहा है। पहली पारी में विदर्भ ने 379 रन बनाए थे। जवाब में तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक केरल 342 रन बनाकर ढेर हुई। विदर्भ को पहली पारी के आधार पर 37 रनों की बढ़त मिली।

केरल ने तीसरे दिन 3 विकेट पर 131 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। आदित्य सरवटे ने 79 रन बनाए। सचिन बेबी ने 98 रन की पारी खेली। वह अपने शतक से सिर्फ 2 रन दूर थे तभी उन्हें पार्थ रेखाडे ने आउट किया। आदित्य और सचिन के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
विदर्भ के लिए दर्शन नालकांडे, हर्ष दुबे और पार्थ ने अच्छी गेंदबाजी की और सभी के खाते में 3-3 विकेट आए। बेबी ने 235 गेंदों का सामना किया और 98 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। अपना 100वां प्रथम श्रेणी मुकाबला खेल रहे बेबी का यह 29वां अर्धशतक था। उनके बल्ले से 14 शतक भी निकले हैं।
उन्होंने 40 की औसत से अपने प्रथम श्रेणी करियर में 5,689 रन बनाए हैं। इस खिलाड़ी ने गुजरात के खिलाफ सेमीफाइनल में भी 69 रन की पारी खेली थी। सरवटे ने 185 गेंदों का सामना किया और 79 रन बनाए। उनके बल्ले से 10 चौके निकले। उन्होंने अहमद इमरान के साथ 178 गेंदों में 93 रन की साझेदारी निभाई।
बेबी के साथ उन्होंने 152 गेंदों में 63 रन जोड़े। सरवटे के प्रथम श्रेणी करियर का यह 13वां अर्धशतक रहा। उन्होंने 70 मुकाबले खेले हैं। इसकी 92 पारियों में 25 से ज्यादा की औसत के साथ 2,175 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक भी निकले।
विदर्भ के लिए दानिश मालेवार ने पहली पारी में शतक लगाया। उन्होंने प्रथम श्रेणी करियर का दूसरा शतक 167 गेंदों में पूरा किया। वह 285 गेंदों का सामना करते हुए 153 रन बनाकर आउट हुए। शतकीय पारी में उन्होंने 15 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने करुण नायर (86) के साथ मिलकर 215 रन की साझेदारी निभाई थी। उन्होंने सेमीफाइनल में मुंबई टीम के खिलाफ 79 और 29 रन के स्कोर किए और जीत में अहम भूमिका निभाई थी।