Trending

आईपीएल : हैदराबाद की एक रन से रोमांचक जीत, नितीश, ट्रेविस, भुवनेश्वर का कमाल

नितीश कुमार रेड्डी और ट्रेविस हेड के अर्धशतक के बाद डेथ ओवरों में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को एक रन से हराया।

रॉयल्स को अंतिम गेंद पर जीत के लिए दो रन की दरकार थी, भुवनेश्वर कुमार (41 रन पर तीन विकेट) ने रोवमैन पावेल (15 गेंद में 27 रन) को पगबाधा कर दिया जिससे टीम 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात विकेट पर 200 रन ही बना सकी।

@AFP/Getty Images

रियान पराग (77 रन, 49 गेंद, आठ चौके, चार छक्के) और यशस्वी जायसवाल (67 रन, 40 गेंद, सात चौके, दो छक्के) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा तीसरे विकेट के लिए 134 रन जोड़े, टीम को जीत नहीं दिला सके।

ये दोनों उस समय साथ आए जब टीम पहले ओवर में एक रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में थी। हैदराबाद के लिए भुवनेश्वर के अलावा कप्तान पैट कमिंस (34 रन पर दो विकेट) और टी नटराजन (35 रन पर दो विकेट) ने भी दो-दो विकेट झटके।

@BCCI

नितीश ने नाबाद 76 रन की पारी खेलने के अलावा हेड (58 रन, 44 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 96 और हेनरिक क्लासेन (19 गेंद में नाबाद 42, तीन छक्के, तीन चौके) के साथ चौथे विकेट के लिए 70 रन की साझेदारी की जिससे हैदराबाद ने तीन विकेट पर 201 रन बनाए।

नितीश ने 42 गेंद का सामना करते हुए आठ छक्के और तीन चौके मारे। आवेश खान रॉयल्स के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 39 रन देकर दो विकेट झटके।

भारत की टी20 विश्व कप टीम में जगह बनाने वाले युजवेंद्र चहल काफी महंगे रहे। उन्होंने चार ओवर में 62 रन लुटाए और उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरे रॉयल्स की शुरुआत खराब रही और उसने पहले ओवर में ही जोस बटलर और कप्तान संजू सैमसन के विकेट गंवा दिए। ये दोनों खाता खोलने में नाकाम रहे।

बटलर ने भुवनेश्वर की पारी की दूसरी गेंद पर ही स्लिप में मार्को यानसेन को कैच थमाया, दो गेंद बाद सैमसन बोल्ड हो गए। जायसवाल और पराग ने पारी को संभाला। दोनों ने पावर प्ले में टीम का स्कोर दो विकेट पर 60 रन तक पहुंचाया।

पराग ने भुवनेश्वर पर दो चौकों और एक छक्के के साथ शुरुआत की। जायसवाल सात रन पर भाग्यशाली रहे जब यानसेन की गेंद पर कप्तान पैट कमिंस ने उनका कैच टपका दिया। जायसवाल ने जीवनदान का फायदा उठाते हुए इसी ओवर में लगातार दो चौके मारे।

जायसवाल ने कमिंस का स्वागत दो चौकों और एक छक्के के साथ किया। पराग ने कमिंस पर छक्का, यानसेन पर लगातार दो चौके मारे जिससे रॉयल्स ने 10वें ओवर में रनों का शतक पूरा किया।

जायसवाल ने अगले ओवर में शाहबाज अहमद पर चौके के साथ 30 गेंद में अर्धशतक पूरा किया, पराग ने भी इसी ओवर में चौके के साथ 31 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की।

टी नटराजन ने जायसवाल को बोल्ड करके इस साझेदारी को तोड़ा। पराग पर जायसवाल के विकेट का कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने नटराजन और जयदेव उनादकट की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। कमिंस की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में पराग लॉन्ग ऑन पर यानसेन को कैच दे बैठे।

पावेल ने यानसेन के अगले ओवर में दो चौकों से 15 रन जुटाए। शिमरोन हेटमायर (13) ने नटराजन पर छक्का जड़ा, दो गेंद बाद लॉन्ग आन पर यानसेन के हाथों लपके गए। कमिंस ने ध्रुव जुरेल (01) को अभिषेक शर्मा के हाथों कैच कराया। पावेल ने कमिंस पर छक्का जड़ा।

इससे पहले कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी, जिसके बाद टीम की शुरुआत धीमी रही और मेजबान टीम पावर प्ले में दो विकेट पर 37 रन ही बना सकी। हेड ने ट्रेंट बोल्ट की मैच की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला, अभिषेक शर्मा (12) ने रविचंद्रन अश्विन का स्वागत छक्के के साथ किया।

आवेश ने अभिषेक को ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराके रॉयल्स को पहली सफलता दिलाई। अनमोलप्रीत सिंह (05) ने आते ही आवेश पर चौका जड़ा, संदीप शर्मा की पहली ही गेंद को मिड विकेट पर जायसवाल के हाथों में खेल गए।

हेड ने तेवर दिखाते हुए नौवें ओवर में चहल की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका मारा। नितीश ने भी अश्विन और आवेश पर छक्के मारे। नितीश ने 13वें ओवर में चहल पर दो छक्कों और दो चौकों के साथ टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।

हेड ने संदीप की गेंद पर एक रन के साथ 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। हेड ने इसके बाद आवेश पर छक्का जड़ा, दो गेंद बाद बोल्ड हो गए।

नितीश ने अश्विन की गेंद पर एक रन के साथ 30 गेंद में अर्धशतक पूरा करने के बाद इस ऑफ स्पिनर पर लगातार दो छक्के मारे। क्लासेन ने चहल पर दो छक्के जड़े। क्लासेन ने अंतिम ओवर में संदीप पर छक्के और चौके से 15 रन जुटाकर सत्र में पांचवीं बार टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाया।

Related Articles

Back to top button