Trending

कांग्रेस को वोट देने से बड़ा पाप हो ही नहीं सकताः योगी

कोल्हापुर: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह कहते थे कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है, लेकिन नरेंद्र मोदी कहते हैं कि मेरी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ पर काम करेगी। कांग्रेस का घोषणा पत्र कहता है कि अल्पसंख्यकों को उनकी रूचि के भोजन की स्वतंत्रता देंगे। आखिर ऐसा कौन सा भोजन है, जिसे बहुसंख्यक समाज नहीं, लेकिन वे लोग पसंद करते हैं। यह लोग मुसलमानों को गोहत्या की छूट देना चाहते हैं, इसलिए कांग्रेस को वोट देने से बड़ा पाप हो ही नहीं सकता। कांग्रेस पिछड़ी, अनुसूचित जाति, जनजाति के आरक्षण में से मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती थी। सच्चर कमेटी कहती थी कि मुसलमानों की कुछ जातियों को दलित में घुसेड़ दो। वे घुसपैठ कर योजना का लाभ लेना चाहते थे। कांग्रेस भारत का इस्लामीकरण करना चाहती है, हिंदुस्तान यह स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि मुगलों की औलादें रिक्शा चला रही हैं और कांग्रेस के लोग भारत से जजिया कर वसूलना चाहते हैं।

सीएम योगी ने बुधवार को महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार की कमान संभाली। उन्होंने हातकणंगले लोकसभा सीट से संसद सदस्य व एनडीए उम्मीदवार (शिवसेना) धैर्यशील माने को धनुष बाण पर फिर से जिताने की अपील की।

नया भारत विरासत टैक्स बर्दाश्त नहीं करेगा

सीएम योगी ने कहा कि एनडीए के लोग सपने नहीं, हकीकत बुनते हैं, इसलिए लोग बार-बार मोदी को चुनते हैं। सपने दिखाने का काम कांग्रेसी करते हैं। दादी ने 1970 में नारा दिया था कि गरीबी हटाने का, पोता भी तोता की तरह आज वही रट रहा है। पत्रकार ने पूछा कि कैसे हटाएंगे तो बोले कि एक झटके में हटा देंगे। बोले कि प्रत्येक नागरिक की संपत्ति का सर्वे करेंगे और विरासत टैक्स लगा देंगे। आपके पूर्वजों ने कोई संपत्ति अर्जित की है तो कांग्रेसी औरंगजेब की तरह कांग्रेस जजिया कर लगाती है। मुगलों की औलादें रिक्शा चला रही हैं और कांग्रेस के लोग भारत से जजिया कर वसूलना चाहते हैं। नया भारत विरासत टैक्स स्वीकार नहीं करेगा। वे राम को नकारते थे, मोदी जी ने राम जी को विराजमान कर कह दिया कि हिंदुस्तान में राम मंदिर राष्ट्र मंदिर होगा।

रामजन्म भूमि का फैसला, मंदिर का शिलान्यास व प्राण-प्रतिष्ठा उप्र के इतिहास का सबसे शांतिपूर्ण व उल्लास भरा दिन

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लोग कहते थे कि राम जन्मभूमि पर फैसला हुआ तो खून की नदियां बहेंगी। मैंने कहा कि मच्छऱ भी नहीं मरेगा। 25 करोड़ की आबादी के उत्तर प्रदेश में राम जन्मभूमि का फैसला, रामलला मंदिर का शिलान्यास व प्राण-प्रतिष्ठा उप्र के इतिहास का सबसे शांतिपूर्ण व उल्लास का दिन रहा। यह तीन तिथियां ऐसी रहीं, जहां कहीं भी हल्का-फुल्का विवाद तक नहीं हुआ, बल्कि उत्साह-उमंग व शांति का माहौल रहा। मैंने कांग्रेसियों से पूछा कि आप कहते थे कि खून की नदियां बहेंगी, लेकिन यहां रंगों की होली खेली जा रही है। कांग्रेसियों ने ही हिंदू आतंकवाद शब्द दिया था।

अयोध्या में श्रीरामलला विराजमान हो रहे थे और दीवाली महाराष्ट्र में मनाई जा रही थी

सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के करकमलों से अयोध्या में श्रीरामलला विराजमान हो रहे थे और हिंदवी स्वराज की धरती महाराष्ट्र में दीवाली मनाई जा रही थी। महाराष्ट्र की पीड़ा में उत्तर प्रदेश भी सहभागी बनता है। हमारी पीढ़ी गौरवान्वित है कि बाल साहब ठाकरे के राम मंदिर का सपना साकार हो गया। कांग्रेस के एक्सीडेंटल हिंदू कहते थे कि राम तो हुए ही नहीं। जब रामलला विराजमान हो गए तो कहते हैं कि राम सबके हैं। अपने दोहरे चरित्र से कांग्रेस ने भारत की परंपरा को अपमानित-बदनाम करने का प्रयास किया।

1993 में मुंबई विस्फोट में सैकड़ों लोग मरे थे, फिर भी कांग्रेसी मौन थे

सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस अयोध्या में श्रीराम, मथुरा में श्रीकृष्ण व काशी में बाबा विश्वनाथ को नकारती थी। महाराष्ट्र में छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत से छेड़छाड़ कर क्षति पहुंचाने का कार्य किया। कांग्रेस के समय दुनिया में भारत का सम्मान घटा, अराजकता सिर चढ़कर बोल रही थी। गरीब कल्याणकारी योजनाओं में कांग्रेस के लोग कमीशन खोजते थे। 1950 में हमने संविधान अंगीकार किया तो 1952 में चोरी छिपे धारा-370 के जरिए कांग्रेस ने आतंकवाद की नींव रख दी थी। 1993 में मुंबई विस्फोट में सैकड़ों लोग मरे थे पर कांग्रेसियों के पास जवाब नहीं था। आतंकी हमले के दौरान कांग्रेस के लोग मुंह छिपाते थे। लोग बताते थे कि पाकिस्तान का हाथ है तो कांग्रेस वाले बोलते थे कि हम छेड़ेंगे नहीं, माहौल खराब हो जाएगा। आज पाकिस्तान को पता है कि नया भारत कायदे से ठिकाने लगाता है और घुसकर मारता है।

इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राव, महाराष्ट्र के मंत्री गुलाब राव पाटिल, पूर्व सांसद निवेदिता माने, राज्यसभा सांसद धनंजय महाडिक, भाजपा जिलाध्यक्ष राज्यवर्धन निवालकर आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button