इंडोनेशिया ओपन के क्वार्टर फाइनल में किदांबी श्रीकांत को मिली हार
जकार्ता : इंडोनेशिया ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 1000 बैडमिंटन के मेंस सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल में चीन के ली शी फेंग के हाथों भारत के किदांबी श्रीकांत 14-21, 21-14, 12-21 से हारे। दोनों खिलाड़ियों के बीच दो मैचों में दोनों ने एक-एक जीत दर्ज की।
वर्ल्ड रैंकिंग में 22वें स्थान पर काबिज श्रीकांत और फेंग दोनों इस इवेंट में गैरवरीय हैं।
श्रीकांत ने शुरुआती सेट में 2-0 की बढ़त बनाई, चीन के खिलाड़ी ने पहले गेम में ब्रेक तक 11-7 की बढ़त बना ली। फेंग ने अपनी बढ़त जारी रखी और पहला गेम आसानी से जीता। दूसरे गेम की शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबरी का मैच दिखा, श्रीकांत ने जल्द ही अपनी पुरानी लय हासिल करके ब्रेक तक 11-6 की बढ़त बना ली।

उन्होंने आक्रामक खेल जारी रखते हुए यह गेम जीता। तीसरे गेम में इस लय को बरकरार नहीं रख सके और फेंग ने 11-6 की बढ़त बनाई । ब्रेक के दौरान चीन के खिलाड़ी को मेडिकल हेल्प की जरूरत पड़ी। बाएं पैर में पट्टी के साथ कोर्ट में उतरे लेकिन उनके खेल में कोई कमी नहीं आई। फेंग ने तीसरा गेम 21-12 से जीत कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।



