Trending

यूपी टी20: आर्यन जुयाल कप्तान तो शिवम होंगे उपकप्तान: विशेष गौर

लखनऊ : यूपीटी20 लीग के चौथे संस्करण की शुरुआत में अब केवल दो सप्ताह का समय बचा है। एक तरफ जहां सभी टीमें जमकर नेट में पसीना बहा रही हैं, तो वहीं दूसरी तरफ दर्शकों में भी इसको लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है।

इसी क्रम में गौर गोरखपुर लायंस के मालिक विशेष गौर ने अपनी टीम के बारे में बात करते हुए कहा कि, “हम अपनी टीम से काफी खुश हैं। जिन खिलाड़ियों को हम लेना चाहते थे, उनमें से अधिकांश को हमने अपनी टीम में शामिल किया है। हमने एक संतुलित टीम बनाई है और हम उसके संयोजन से पूरी तरह संतुष्ट हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि, “इस सीज़न आर्यन जुयाल टीम का नेतृत्व करेंगे, जबकि शिवम शर्मा उपकप्तान होंगे। अंकित राजपूत हमारे मुख्य कोच के रूप में जुड़े हैं और हमें अपने नेतृत्व समूह पर पूरा भरोसा है।”

शिवम चौधरी को 21 लाख रुपए में अपनी टीम का हिस्सा बनने वाले विशेष गौर ने आगे कहा कि, “हम अपने शुरुआती क्रम को मजबूत करना चाहते थे। रिटेंशन के बाद यह हमारी सबसे बड़ी जरूरत थी और शिवम चौधरी हमारी पहली पसंद थे। वह एक बेहतरीन सलामी बल्लेबाज, अनुभवी कप्तान और शीर्ष क्रम को स्थिरता देने वाले खिलाड़ी हैं।”

उन्होंने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की जमकर सराहना करते हुए कहा कि, “इस बार दो शहरों में मैच आयोजित करने का फैसला इसे और अधिक दर्शकों तक पहुंचाने में मदद करेगा। यह लीग हर साल आगे बढ़ रही है और यूपीसीए इसके लिए बधाई का पात्र है। दो शहरों में मुकाबले आयोजित करना एक बड़ा कदम है।

इसमें अधिक मेहनत और निवेश की जरूरत होती है, लेकिन इससे लीग ज्यादा से ज्यादा क्रिकेट प्रेमियों तक पहुंचेगी। बहुत कम राज्य स्तरीय लीग ऐसा कर रही हैं और यह यूपीसीए की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

विशेष गौर ने बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और यूपीटी20 लीग गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर का भी आभार व्यक्त करते हुए आगे कहा कि, “इन दोनों के प्रयासों से यूपीटी20 लीग लगातार सफल हो रही है और उत्तर प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिल रहा है। मैं राजीव शुक्ला सर और डॉ. संजय कपूर का उनके दूरदर्शी नेतृत्व और निरंतर प्रयासों के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।

यह लीग उत्तर प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और अगले स्तर तक पहुंचने का शानदार मंच बन चुकी है।” उन्होंने आगे जोड़ा कि, “जो खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं या आईपीएल खेल चुके हैं, उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना युवा क्रिकेटरों के लिए बड़ी प्रेरणा है।

उन्हें करीब से देखने का मौका मिलता है कि अनुभवी खिलाड़ी किस तरह अभ्यास करते हैं और दबाव का सामना करते हैं। इससे युवाओं में यह विश्वास भी पैदा होता है कि वे भी एक दिन वही मुकाम हासिल कर सकते हैं।” टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह और पहला चरण भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित होगा।

इसके बाद लीग ग्रीन पार्क स्टेडियम, कानपुर पहुंचेगी, जहां दूसरा चरण, प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। 3 सितंबर को क्वालिफायर-1 और एलिमिनेटर, 4 सितंबर को क्वालिफायर-2, जबकि 6 सितंबर को कानपुर में फाइनल मुकाबला आयोजित किया जाएगा। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 34 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल-हेडर और 8 सिंगल-हेडर मैच होंगे।

Related Articles

Back to top button