सिक्किम: नामची जिले के समरदुंग स्थित सुरंग में बचाव दल ने अब तक 22 शव बरामद किए

गंगटोक ( इंडियन व्यू टीम) : सिक्किम के नामची जिले के समरदुंग स्थित सुरंग में बचाव दल ने 8 और शव बरामद किए हैं जिससे कुल बरामद शवों की संख्या 22 हो गई है जो अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।हालांकि, खराब मौसम के कारण बचाव दल को शव निकालने में कठिनाई हो रही है। अधिकारियों के अनुसार, कम दृश्यता और मीथेन गैस के रिसाव ने बचाव अभियान को चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल, सिक्किम पुलिस और खनन विशेषज्ञों के बचाव दल ने आज सुरंग से पानी निकाला। अब तक 22 शव बरामद किए जा चुके हैं। शुरुआती खबरों के अनुसार, सुरंग में 25 लोग फंसे हुए हैं। सिक्किम सरकार और राष्ट्रीय जलविद्युत निगम के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
सिक्किम में नामची स्थित एनएचपीसी सुरंग ढहने वाली जगह पर तलाशी और बचाव अभियान जारी है। कल रात, आसनसोल स्थित ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की दूसरी बचाव टीम घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत चल रहे अभियान में शामिल हो गई। नवीनतम जानकारी के अनुसार, अब तक सुरंग से 22 मृतकों के शव बरामद किए जा चुके हैं।
दुर्घटना के बाद से ही राहत और बचाव अभियान जारी है और विशेषज्ञ टीमें शेष फंसे हुए लोगों का पता लगाने और उन्हें निकालने के लिए समन्वय से काम कर रही हैं। सिक्किम सरकार, जिला प्रशासन और सभी संबंधित एजेंसियां स्थिति पर कड़ी नजर रख रही हैं और बचाव टीमों और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही हैं।



