Trending

उत्तर प्रदेश के 45 जिलों में ग्रामवार गन्ना सर्वेक्षण शुरू, 30 अगस्त तक चलेगा अभियान

लखनऊ ( राघवेंद्र प्रताप सिंह) : पेराई सत्र 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश के 45 जिलों में ग्रामवार गन्ना सर्वेक्षण व सट्टा प्रदर्शन शुरू हो गया है। कार्यक्रम में गन्ना किसानों को उनके गन्ना सर्वे, गन्ना सट्टा, बैंक खाते, मोबाइल नंबर, गन्ना क्षेत्रफल और अन्य अभिलेखों के सत्यापन व संशोधन की सुविधा दी जा रही है। किसानों के नाम दर्ज कृषि योग्य भूमि का राजस्व रिकार्ड के अभिलेखों से मिलान किया जाएगा।

गन्ना विकास विभाग के अनुसार 30 अगस्त चलने वाले कार्यक्रम में 41,818 गन्ना ग्रामों में ग्राम स्तरीय गन्ना सर्वे व सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसके सफल संचालन को 4,294 टीमों का गठन किया गया है।

किसानों को उनके गन्ना सर्वे व सट्टा से संबंधित 63 बिंदुओं संबंधी अभिलेखों की जानकारी दी जाएगी। किसानों को अपने अभिलेखों का सत्यापन करने व त्रुटि पाए जाने पर तत्काल आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी मिलेगी।

आपत्ति का निस्तारण प्रतिदिन आनलाइन व मौके पर किया जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए जिला, परिक्षेत्र एवं प्रदेश स्तर पर शिकायत निवारण केन्द्र स्थापित की गई है।

किसान टोल फ्री नंबर 1800-121-3203 पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। वहीं सर्वेक्षण के बाद किसान 30 सितंबर तक अपनी संबंधित गन्ना समिति में आवश्यक अभिलेखों के साथ सदस्यता प्राप्त करने को आवेदन कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button