Trending

स्ज़ॉक्स की क्लीन स्वीप, सिंड्रेला की निर्णायक जीत; डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने फिर मारी बाजी

बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7

गोवा: रोमानिया की स्टार खिलाड़ी बर्नाडेट स्ज़ॉक्स और भारत की युवा प्रतिभा सिंड्रेला दास के शानदार प्रदर्शन की बदौलत डेम्पो गोवा चैलेंजर्स ने रविवार को बटरफ्लाई अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) सीजन-7 पावर्ड बाय चैटजीपीटी में पीबीजी पुणे जैगुआर्स को रोमांचक मुकाबले में 8-7 से हराकर अपना अजेय अभियान जारी रखा।

स्ज़ॉक्स ने एकतरफा अंदाज़ में अपने सभी तीन गेम जीतकर गोवा की वापसी कराई, जबकि निर्णायक मुकाबले में सिंड्रेला ने दबाव में शानदार खेल दिखाते हुए टीम को जीत दिलाई और लीग में शीर्ष पर बरकरार रखा।

गोवा को यह जीत आसान नहीं मिली। पुणे ने ओमर अस्सार और स्नेहित सुरवज्जुला की जीत के दम पर दो बार मुकाबले में वापसी की। अस्सार ने अभिनंध पीबी को और स्नेहित ने अल्वारो रोबल्स को इस सीजन की दुर्लभ हार का स्वाद चखाया। हालांकि, जब मुकाबले का फैसला आखिरी मैच पर आकर टिका, तब सिंड्रेला ने दिया चिताले को हराकर गोवा की जीत पक्की कर दी।

Picture Credit: Butterfly UTT

टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (TTFI) के तत्वावधान में और नीरज बजाज तथा वीटा दानी द्वारा प्रमोट किए जा रहे बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 में दुनिया भर के 42 खिलाड़ी, जिनमें 14 ओलंपियन शामिल हैं, हिस्सा ले रहे हैं। यह लीग भारतीय टेबल टेनिस को मजबूत करने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा और सालभर चलने वाली विकास पहलों को भी बढ़ावा दे रही है।

मुकाबले की शुरुआत गोवा के लिए झटके के साथ हुई, जब ओमर अस्सार ने पहला गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए अभिनंध पीबी को सीजन की पहली एकल हार दी। इसके बाद बर्नाडेट स्ज़ॉक्स ने पृथिका पावाडे को सीधे तीन गेम में हराकर गोवा की वापसी कराई। मिश्रित युगल मुकाबले में अनिर्बान घोष और दिया चिताले ने अल्वारो रोबल्स/सिंड्रेला दास को हराकर पुणे को फिर बढ़त दिलाई।

Picture Credit: Butterfly UTT

इसके बाद स्नेहित सुरवज्जुला ने पहला गेम हारने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए अल्वारो रोबल्स को 2-1 से मात दी, जिससे मुकाबला आखिरी मैच तक पहुंच गया।

निर्णायक मुकाबले में सिंड्रेला दास ने पहला गेम जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन दिया चिताले ने दूसरा गेम जीतकर बराबरी कर ली। तीसरे और निर्णायक गेम में सिंड्रेला ने संयम बनाए रखा और 11-8 से जीत दर्ज कर न सिर्फ मैच बल्कि पूरी टाई गोवा की झोली में डाल दी।

ओमर अस्सार को चैटजीपीटी मैच आईक्यू प्लेयर, सिंड्रेला दास को इंडियन प्लेयर ऑफ द टाई और बर्नाडेट स्ज़ॉक्स को फॉरेन प्लेयर ऑफ द टाई चुना गया। वहीं, मिश्रित युगल में शानदार विनिंग शॉट के लिए अनिर्बान घोष को बिसलेरी शॉट ऑफ द टाई पुरस्कार मिला।

Picture Credit: Butterfly UTT

इससे पहले ड्रीम यूटीटी जूनियर्स के फाइनल में यू मुंबा टीटी ने दबंग दिल्ली टीटीसी को 5-2 से हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया। सोमदेव सेनगुप्ता ने लड़कों के एकल मुकाबले में जीत दर्ज कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद उन्होंने अहोना रे के साथ मिश्रित युगल भी जीता। अंत में अहोना ने लड़कियों के एकल मुकाबले में जीत हासिल कर यू मुंबा को पहला ड्रीम यूटीटी जूनियर्स खिताब दिलाया।

शाम के मुकाबले में एचवीआर कोलकाता थंडर ब्लेड्स का सामना यूपी प्रोमेथियंस से होगा। बटरफ्लाई यूटीटी सीजन-7 के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स खेल (हिंदी), स्टार स्पोर्ट्स तमिल 2 एचडी और स्टार स्पोर्ट्स तमिल 3 एचडी पर होगा, जबकि जियोहॉटस्टार पर हिंदी, तमिल और अंग्रेज़ी में लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।

  • अंतिम परिणाम :
  • डेम्पो गोवा चैलेंजर्स 8-7 पीबीजी पुणे जैगुआर्स
  • * अभिनंध पीबी, ओमर अस्सार से 1-2 (11-10, 5-11, 8-11) से हारे
    * बर्नाडेट स्ज़ॉक्स ने पृथिका पावाडे को 3-0 (11-6, 11-9, 11-5) से हराया
    * अल्वारो रोबल्स/सिंड्रेला दास, अनिर्बान घोष/दिया चिताले से 1-2 (10-11, 11-4, 6-11) से हारे
    * अल्वारो रोबल्स, स्नेहित सुरवज्जुला से 1-2 (11-2, 8-11, 10-11) से हारे
    * सिंड्रेला दास ने दिया चिताले को 2-1 (11-7, 7-11, 11-8) से हराया

Related Articles

Back to top button