Trending

अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब बना यूपी की एकमात्र एआईएफएफ 4-स्टार एक्रेडिटेड फुटबॉल अकादमी

लखनऊ। अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब ने भारतीय फुटबॉल में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल करते हुए वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश की एकमात्र एआईएफएफ 4-स्टार एक्रेडिटेड फुटबॉल अकादमी ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है।

इसके साथ ही क्लब देश की उन 16 चुनिंदा फुटबॉल अकादमियों में शामिल हो गया है, जिन्हें अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) द्वारा प्रतिष्ठित 4-स्टार एक्रेडिटेड अथवा 5-स्टार एक्रेडिटेड प्रदान की गई है।

यह एक्रेडिटेएशन जमीनी स्तर पर फुटबॉल के विकास, खिलाड़ियों के कल्याण, उत्कृष्ट प्रशिक्षण व्यवस्था, आधुनिक आधारभूत सुविधाओं, प्रभावी प्रशासनिक व्यवस्था तथा दीर्घकालिक फुटबॉल शिक्षा के प्रति अकादमी की प्रतिबद्धता की महत्वपूर्ण पहचान है।

इस वर्ष एआईएफएफ में देश में कुल 164 अकादमियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 142 अकादमियों को एआईएफएफ की मान्यता मिलीई, जिनमें से केवल 16 अकादमियां ही प्रतिष्ठित 4-स्टार अथवा 5-स्टार श्रेणी में स्थान बना सकीं। अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब अब इस विशिष्ट सूची का हिस्सा बनकर उत्तर प्रदेश की सर्वोच्च रैंकिंग वाली फुटबॉल अकादमी बन गया है।

यह उपलब्धि तक्षशिला स्कूल और अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब द्वारा वर्षों से किए जा रहे सतत निवेश और उस मजबूत खेल परिवेश का परिणाम है, जहां युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं, प्रशिक्षित कोच, व्यवस्थित प्रतियोगिताएं तथा समग्र विकास के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।

अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब के संस्थापक रितेश पांडेय ने कहा कि यह सम्मान केवल हमारी अकादमी की उपलब्धि नहीं, बल्कि उस सोच और संकल्प की पुष्टि है, जिसकी शुरुआत हमने कई वर्ष पहले की थी।

हमारा विश्वास था कि उत्तर प्रदेश के युवा फुटबॉल खिलाड़ियों को भी देश के किसी भी अन्य राज्य के खिलाड़ियों के समान गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। राज्य की एकमात्र एआईएफएफ 4-स्टार एक्रेडिटेड अकादमी बनना इस बात का प्रमाण है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

पिछले 12 वर्षों से हम पूर्वी उत्तर प्रदेश के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के साथ कार्य कर रहे हैं। हमें गर्व है कि हमारे दो खिलाड़ी-अंकुर राजभर और अरमान अहमद-भारतीय अंडर-17 टीम तक पहुंचे हैं। दोनों खिलाड़ी मेरे गृह नगर अकबरपुर से हैं।

उन्होंने आगे कहा कि हमारा सपना भारत को फीफा विश्व कप में खेलते देखना है और साथ ही इन बच्चों को सम्मानजनक तथा उद्देश्यपूर्ण जीवन उपलब्ध कराने में योगदान देना है। हमें उम्मीद है कि हमारी यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश के अधिक से अधिक विद्यालयों, फुटबॉल अकादमियों और संस्थानों को जमीनी स्तर पर फुटबॉल के विकास में निवेश करने के लिए प्रेरित करेगी।

अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब लगातार ऐसा वातावरण विकसित करने पर कार्य कर रहा है, जहां तकनीकी उत्कृष्टता, शिक्षा, खेल विज्ञान और खिलाड़ियों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। साथ ही, फुटबॉल को व्यक्तिगत विकास और सामाजिक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम के रूप में भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

अकादमी का टेक्ट्रो लखनऊ एफसी के साथ जारी सहयोग उत्तर प्रदेश में खिलाड़ियों के विकास की प्रक्रिया को और मजबूत करेगा। इससे उभरते हुए फुटबॉल खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी फुटबॉल में आगे बढ़ने के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।

भारतीय फुटबॉल में जमीनी स्तर पर संरचित विकास को लगातार बढ़ावा दिए जाने के बीच यह मान्यता अवध म्यूटिनियर्स स्पोर्ट्स क्लब को देश की अग्रणी फुटबॉल अकादमियों में स्थापित करती है और राष्ट्रीय फुटबॉल परिदृश्य में उत्तर प्रदेश की मजबूत होती पहचान को भी रेखांकित करती है।

Related Articles

Back to top button