वैभव सूर्यवंशी का तूफान: 25 गेंदों में सेंचुरी, फिर भी नहीं टूटा श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों की धुनाई किसी अनुभवी दिग्गज बल्लेबाज की तरह करते हैं। उनके सामने जब बॉलिंग मशीन लाई गई, तो शायद कई लोगों को लगा होगा कि इतनी तेज रफ्तार और लगातार बदलती गति वाली गेंदों के सामने उन्हें मुश्किल होगी।
लेकिन 15 वर्षीय वैभव ने यहां भी सभी को चौंका दिया और बॉलिंग मशीन के भी धागे खोल दिए। उन्होंने महज 25 गेंदों में शतक जड़कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का एक और नमूना पेश किया। हालांकि, इस दौरान वह श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए। आखिर यह कारनामा कब, कहां और कैसे हुआ, इसकी पूरी कहानी भी बेहद दिलचस्प है।
दरअसल, इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर और आईपीएल कमेंटेटर केविन पीटरसन इन दिनों भारत में हैं। वह अपना एक यूट्यूब चैनल चलाते हैं, जिस पर वह बल्लेबाजों और गेंदबाजों को अलग-अलग तरह की चुनौतियां देते हैं। उनके शो में रोहित शर्मा, राशिद खान, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर जैसे कई बड़े नाम शामिल हो चुके हैं।

इसी शो में भारत में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रहे युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी पहुंचे, जिन्हें 50 गेंदों में 100 रन बनाने की चुनौती दी गई। इस चैलेंज की खास बात यह थी कि हर अगली गेंद की गति एक मील प्रति घंटा बढ़ती जाती थी। गेंदबाजी की शुरुआत 51 मील प्रति घंटा की रफ्तार से हुई और फिर हर गेंद के साथ स्पीड बढ़ती गई। वैभव ने इस चुनौती को स्वीकार किया और शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया।
अपनी इस धमाकेदार पारी के दौरान वैभव ने कुछ चौके लगाए, कुछ रन दौड़कर भी बनाए, लेकिन उनके बल्ले से सबसे ज्यादा छक्के निकले। उन्होंने 14 छक्के, 4 चौके, दो सिंगल और एक डबल की मदद से 100 रन पूरे किए। इसके बावजूद वह श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सके।
केविन पीटरसन के इसी शो में श्रेयस अय्यर ने केवल 22 गेंदों में शतक जड़ने का कारनामा किया था। वैभव के पास उस रिकॉर्ड की बराबरी करने या उसे तोड़ने का मौका था, लेकिन अंतिम कुछ गेंदों में वह बड़े शॉट नहीं लगा पाए। दिलचस्प बात यह रही कि उन्होंने शुरुआती 10 गेंदों में ही 53 रन बना लिए थे।
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और इस सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। आईपीएल 2026 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज फिलहाल वैभव सूर्यवंशी ही हैं। इसके साथ ही वह एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बन चुके हैं।
यदि उन्हें कुछ और मैच खेलने का मौका मिलता है, तो वह आईपीएल इतिहास में एक सीजन में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं। रनों के मामले में भी वैभव का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। वह 14 मैचों में 583 रन बना चुके हैं और इस समय टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।



