39 के हुए हिटमैन: रोहित शर्मा के वो रिकॉर्ड जिन्हें तोड़ना नामुमकिन
‘हिटमैन’ कहे जाने वाले भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा आज अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। रोहित शर्मा न केवल एक बेहतरीन कप्तान रहे हैं, बल्कि उनके नाम क्रिकेट के इतिहास में कुछ ऐसे रिकॉर्ड दर्ज हैं, जो आने वाले कई सालों तक अटूट माने जा रहे हैं।
हिटमैन के कुछ रिकॉर्ड्स को तोड़ना मानो ऐसा है, जैसे हिमालय को नीचे खड़े होकर ललकारना। 2007 से रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में एक्टिव हैं। हालांकि, अब सिर्फ एक ही फॉर्मेट में खेलते हैं, लेकिन अपने करियर में ऐसे रिकॉर्ड उन्होंने कायम किए हुए हैं, जिन्हें तोड़ने के लिए आज के बल्लेबाजों के पसीने छूट जाएंगे।
रोहित शर्मा के नाम वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का विश्व रिकॉर्ड है, जो पिछले 12 साल से अटूट है। 2014 में श्रीलंका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में रोहित शर्मा ने 264 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। वनडे क्रिकेट में इस पारी के आसपास भी कोई बल्लेबाज नहीं पहुंचा है। कई टीमें भी 264 रन तक नहीं पहुंच पाती है।

वनडे क्रिकेट के इतिहास में दोहरा शतक लगाना आज भी एक बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जाती है, क्योंकि करीब 5 दशक पुराने इस फॉर्मेट में सिर्फ 10 ही ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ा है। उनमें भी रोहित शर्मा एकमात्र बल्लेबाज हैं, जिन्होंने तीन दोहरे शतक जड़े हैं। रोहित 209, 264 और 208 रनों की पारी वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में खेल चुके हैं।
किसी ने दो दोहरे शतक भी ओडीआई क्रिकेट में नहीं जड़े हैं। 2019 का वर्ल्ड कप भले ही इंग्लैंड ने जीता था, लेकिन यह टूर्नामेंट रोहित शर्मा के लिए जाना जाता है, जिन्होंने उस टूर्नामेंट में एक या दो नहीं, बल्कि 5 शतक जड़े थे, जो किसी भी वर्ल्ड कप के एडिशन में वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इससे पहले चार शतक कुमार संगाकारा ने 2015 के एडिशन में जड़े थे।
रोहित शर्मा को ‘हिटमैन’ ऐसे ही नहीं कहा जाता। इसके पीछे का कारण ये है कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट में अब सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट यानी टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के ठोकने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया हुआ है। 650 छक्के रोहित शर्मा अब तक जड़ चुके हैं। क्रिस गेल ने 553 छक्के ही इंटरनेशनल क्रिकेट में जड़े थे।
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। यहां तक वह इंटरनेशनल क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सबसे पहले 200 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने थे। हालांकि, अब रिटायरमेंट इस फॉर्मेट से ले चुके हैं तो कुछ बल्लेबाज उनके रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं, क्योंकि इन दिनों खूब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट खेली जा रही है।



