घर में भी ढेर हुई कोलकाता: पॉवेल ने अंपायरिंग पर उठाए सवाल, पर मुकुल चौधरी की बल्लेबाजी को सराहा
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ी रोवमैन पॉवेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल मैच के बाद अंपायरों की ‘गलती’ पर सवाल उठाए और अपनी टीम की करीबी हार के लिए ईडन गार्डन्स की धीमी पिच को जिम्मेदार बताया।
एलएसजी का स्कोर 16 ओवर के बाद 7 विकेट पर 127 रन था, लेकिन टीम ने युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी की नाबाद 54 रन की शानदार पारी से 3 विकेट से जीत हासिल कर ली।
मैच के बाद पत्रकारों से बात करते हुए पॉवेल ने कहा, “आप ईडन गार्डन्स को अपना गढ़ बनाना चाहते हैं। यह आपका घरेलू मैदान है और दर्शकों का समर्थन भी आपको मिलता है। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाना अच्छा लगता है, लेकिन इस युवा खिलाड़ी (मुकुल) को पूरा श्रेय जाता है। उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।”

केकेआर की यह स्थिति और खराब होती जा रही है क्योंकि टीम को चार मैचों में अब तक एक भी जीत नहीं मिली है। इनमें से तीन मुकाबले उसने अपने घरेलू मैदान पर खेले हैं। लखनऊ के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत के बावजूद टीम केवल 4 विकेट पर 181 रन ही बना सकी।
इस मैच में उसके सलामी बल्लेबाज फिन एलन (09) एक विवादास्पद तरीके से आउट हुए। एलन के बल्ले का ऊपरी किनारा लगने के बाद गेंद डीप थर्ड मैन की बाउंड्री पर खड़े दिगवेश राठी के पास गई, जिन्होंने कैच ले लिया।
रीप्ले में साफ दिखा कि उनके पैर की उंगलियां बाउंड्री लाइन को छू रही थीं। इसके बावजूद मैदानी अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक (दक्षिण अफ्रीका) और अक्षय टोत्रे (भारत) ने तीसरे अंपायर की मदद नहीं ली और इस कैच को सही करार दिया।
इस पर पॉवेल ने कहा, “बिल्कुल, और भी पहलुओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए था। जब वह मैदान से बाहर आए तो हमने इस पर बात भी की थी। हमने आईपीएल में देखा है कि अंपायर कई बार इससे छोटी-छोटी बातों के लिए भी तीसरे अंपायर की मदद लेते हैं।” उन्होंने आगे कहा, “हो सकता है कि यह उनकी तरफ से एक गलती रही हो, लेकिन हम इसकी जांच नहीं करने जा रहे और यह नहीं कहेंगे कि इसी वजह से आज रात हमें दो अंक गंवाने पड़े।”
पॉवेल ने यह भी कहा कि इस पिच पर रन बनाना आसान नहीं था। उन्होंने कहा, “यह ईडन गार्डन्स का वह पारंपरिक विकेट नहीं था जहां आप क्रीज पर आते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर देते हैं। यह 220 रन वाला विकेट नहीं था। गेंदबाजों को इसमें थोड़ी मदद मिल रही थी, खासकर जब वे धीमी गेंदों का इस्तेमाल कर रहे थे।”
केकेआर का अब चार मैचों में सिर्फ एक अंक है, जो उसे पंजाब किंग्स के खिलाफ उस मैच से मिला था जो बारिश के कारण रद्द हो गया था। हालांकि पॉवेल को उम्मीद है कि टीम जल्द ही वापसी करेगी।
उन्होंने कहा, “अगर आप इतिहास देखें तो आईपीएल की विजेता टीमें टूर्नामेंट के बीच और अंतिम चरण में अपनी लय हासिल करती हैं। जब शुरुआत अच्छी न हो तो जीतना आसान नहीं होता, लेकिन अभी हमारे पास 10 मैच और हैं और भविष्य हमारे अपने हाथ में है।”



