Trending

मैदान पर पराग का ‘पावरप्ले’: इरफान पठान ने थपथपाई राजस्थान के नए कप्तान की पीठ

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि राजस्थान रॉयल्स की गुजरात टाइटन्स पर रोमांचक जीत के दौरान डेथ ओवरों में रियान पराग के साहसिक फैसलों से नेतृत्वकर्ता के तौर पर उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा।

मौजूदा सत्र में रॉयल्स की कप्तानी संभालने वाले पराग ने आखिरी पलों में एक अहम रणनीति फैसला करते हुए जोफ्रा आर्चर को 19वां और तुषार देशपांडे को आखिरी ओवर सौंपा। पठान ने कहा, ‘‘यह अब तक का सत्र का सबसे अच्छा मैच था। राजस्थान के लिए यह बहुत जरूरी था कि रियान पराग टीम की कप्तानी करते हुए वह सम्मान हासिल करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने आखिरी ओवर में वह मुश्किल फैसला लिया और वह फैसला राजस्थान के पक्ष में गया जिससे उन्हें एक नेतृत्वकर्ता के तौर पर बहुत आत्मविश्वास मिलेगा। वह 19वां ओवर फेंकने के लिए जोफ्रा आर्चर के पास गए क्योंकि आम तौर पर आप आखिरी से पहले वाले ओवर में अपने सबसे अधिक अनुभवी गेंदबाज के साथ जाते हैं।’’ आर्चर ने एक शानदार ओवर फेंककर इस कदम को सही ठहराया।

साभार : गूगल

आर्चर ने सिर्फ चार रन दिए जिसके बाद देशपांडे ने अंतिम ओवर में 10 रन का बचाव किया और रॉयल्स ने टाइटन्स को छह रन से हरा दिया।

टाइटन्स की टीम रन बनाने के लिए अपने शीर्ष क्रम पर काफी निर्भर है और भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि रॉयल्स के खिलाफ शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में साई सुदर्शन ने अच्छा प्रदर्शन किया। पारी की शुरुआत करते हुए सुदर्शन ने 44 गेंद में 73 रन बनाकर 211 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही टीम को ठोस मंच दिया।

अश्विन ने कहा, ‘‘साई सुदर्शन जानते थे कि शुभमन आज नहीं खेल रहे हैं इसलिए उन्हें जिम्मेदारी संभालनी पड़ी। जिस तरह से उन्होंने शुरुआत की उससे पता चलता है कि वह अपनी ताकत समझते हैं। उन्होंने गति का अच्छा इस्तेमाल किया। गेंद को थर्ड मैन की तरफ दिशा दिखाई और फिर फ्रंट फुट पर कुछ अच्छे कवर ड्राइव खेले।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जडेजा के गेंदबाजी में आते ही उन्होंने गति का इस्तेमाल किया और फिर स्लॉग स्वीप किया। ये सुदर्शन के लिए मजबूत पक्ष हैं जिन पर वह भरोसा करते हैं और उन्हें नतीजे मिले।’’

Related Articles

Back to top button