SRH की जीत पर अभिषेक का रिएक्शन पड़ा भारी, 25% मैच फीस कटी
सनराइजर्स हैदराबाद की जीत के बीच अभिषेक शर्मा का विवाद चर्चा का केंद्र बन गया। गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच ईडन गार्डन्स में खेले गए मुकाबले में एसआरएच ने शानदार जीत दर्ज की, लेकिन मैच के बाद अभिषेक पर आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट तोड़ने के लिए मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट लगा।
अभिषेक शर्मा ने अपनी गलती मानते हुए सजा स्वीकार कर ली है। आईपीएल की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उन्होंने आर्टिकल 2.3 के तहत लेवल 1 का अपराध स्वीकार किया और मैच रेफरी के फैसले को मान लिया। कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 उल्लंघन में मैच रेफरी का फैसला अंतिम होता है।
मैच के दौरान अभिषेक का प्रदर्शन काफी आक्रामक रहा। उन्होंने पारी की शुरुआत करते हुए 21 गेंदों पर 4 चौकों और 4 छक्कों से 48 रन बनाए। हालांकि, उनका आउट होना विवाद का कारण बना।

वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर लिया गया कैच संदिग्ध लग रहा था क्योंकि ऐसा प्रतीत हुआ कि गेंद जमीन को छू गई थी। यह घटना पारी के नौवें ओवर में हुई। थर्ड अंपायर ने कैच को वैध करार दिया, जिससे अभिषेक असहमत नजर आए और उन्होंने अपनी निराशा जाहिर की—यही उनकी सजा का कारण बना।
अगर मैच की बात करें तो केकेआर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। एसआरएच ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हेनरिक क्लासेन (52), अभिषेक शर्मा (48), ट्रेविस हेड (46) और नितीश कुमार रेड्डी (39) की पारियों से 8 विकेट पर 226 रन बनाए।
227 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की टीम 16 ओवर में 161 रन पर सिमट गई और 65 रन से मैच हार गई। यह केकेआर की लगातार दूसरी हार रही, जबकि एसआरएच ने अपने दूसरे मैच में पहली जीत हासिल की।



