Trending

अर्जेंटीना ने वादे के बावजूद केरल दौरा रद्द किया, मंत्री वी अब्दुरहीमान ने कड़ा रुख अपनाया

केरल के खेल मंत्री वी अब्दुरहीमान ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि अर्जेंटीना की फुटबॉल टीम ने पैसे लेने के बावजूद राज्य में मैच खेलने का वादा पूरा नहीं किया, जिससे केरल को बड़ा झटका लगा। मंत्री ने कहा कि उनका सपना था कि लियोनेल मेस्सी और उनकी टीम केरल आए और यहां खेल का आनंद दें।

मंत्री ने टीवी चैनल से बातचीत में बताया, ‘‘इसके लिए मैंने कई बार प्रयास किए थे। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टीम को आमंत्रित करने के लिए 250 करोड़ रुपये की राशि जुटाना आसान काम नहीं था, इसके लिए हमें प्रायोजकों की मदद लेनी पड़ी।’’ अब्दुरहीमान ने कहा, ‘‘पैसे मिलने के बावजूद अर्जेंटीना की टीम ने हमें धोखा दिया। हमने उनसे ऐसा विश्वासघात की उम्मीद नहीं की थी। वादे के बावजूद उनकी टीम यहां नहीं आई।’’

उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्होंने इस मुद्दे की जांच की तो पता चला कि अर्जेंटीना ने पांच अन्य देशों के साथ भी ऐसा ही किया। मंत्री ने आगे कहा, ‘‘उन देशों से भी उन्होंने पैसे लिए लेकिन वहां खेलने नहीं गए। यह स्थिति गंभीर है और इसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी होगी, साथ ही हमें मुआवजा भी मिलना चाहिए।’’

साभार : गूगल

उन्होंने कहा कि राज्य पूरी उम्मीद के साथ टीम का इंतजार कर रहा था, लेकिन उनके इस व्यवहार ने केरल के फुटबॉल प्रेमियों को गहरा दुख पहुंचाया। ‘‘केरल के फुटबॉल प्रेमियों की उम्मीदों को यह धोखा देने वाला कदम निराशाजनक है। मेरी निराशा को शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है,’’ उन्होंने कहा। पिछले साल नवंबर में ही मंत्री ने आश्वासन दिया था कि अर्जेंटीना की टीम और मेस्सी मार्च 2026 में केरल का दौरा करेंगे।

Related Articles

Back to top button