आईपीएल: दिल्ली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी, लखनऊ करेगी बल्लेबाजी
लखनऊ। आईपीएल 2026 के मुकाबले में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में आज क्रिकेट प्रेमियों को एक दिलचस्प टक्कर देखने को मिल रही है, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने हैं।
टॉस जीतकर दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने परिस्थितियों को भांपते हुए पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिससे ऋषभ पंत की अगुवाई वाली लखनऊ टीम पर मजबूत शुरुआत करने की जिम्मेदारी आ गई है।
टॉस जीतने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा कि सीजन के शुरुआती मैच में लक्ष्य का पीछा करना उनकी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने इकाना की पिच पर शाम के समय ओस की संभावित भूमिका को ध्यान में रखते हुए पहले गेंदबाजी का फैसला किया।

हालांकि मुकाबले से पहले दोनों टीमों को बड़े झटके लगे। दिल्ली कैपिटल्स के अनुभवी ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क चोट के कारण इस मैच से बाहर हो गए हैं। उनकी अनुपस्थिति में तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी लुंगी एनगिडी और टी. नटराजन पर रहेगी।
वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स को भी झटका लगा है, क्योंकि श्रीलंका के स्टार स्पिनर वानिंदु हसरंगा अभी तक टीम से नहीं जुड़ पाए हैं, जिससे टीम का स्पिन अटैक थोड़ा कमजोर नजर आ रहा है।
दोनों टीमों के बीच आईपीएल इतिहास की बात करें तो अब तक 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें लखनऊ ने 3 और दिल्ली ने 4 मैच जीते हैं। लखनऊ में हुए 3 मुकाबलों में दिल्ली को बढ़त हासिल है, जहां उसने 2 बार जीत दर्ज की है। मुकाबले में दोनों टीमें संतुलित नजर आ रही हैं, लेकिन शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों का प्रदर्शन और बाद में ओस का असर मैच का रुख तय कर सकता है।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
- लखनऊ सुपर जायंट्स: एडेन मार्कराम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहसिन खान, मोहम्मद शमी, एनरिक नॉर्टजे, प्रिंस यादव।
- दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन, मुकेश कुमार।



