Trending

ऑस्ट्रेलिया का बड़ा फैसला: मैक्सवेल और कॉन्स्टास को झटका, नए चेहरों की एंट्री

ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को सलामी बल्लेबाज जेक वेदरल्ड और तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉगेट को पहली बार केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची में शामिल किया, लेकिन ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल और सलामी बल्लेबाज सैम कॉन्स्टास को 2026-2027 सत्र के लिए बाहर कर दिया गया।

वेदरल्ड और डॉगेट ने एशेज के दौरान टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और उनके प्रभावशाली प्रदर्शन का उन्हें सीधा फायदा मिला। वहीं तेज गेंदबाज माइकल नेसर ने श्रृंखला में उपयोगी योगदान देकर अपनी जगह बरकरार रखी।

अगले साल की शुरुआत में भारत में होने वाली पांच टेस्ट मैचों की अहम श्रृंखला को ध्यान में रखते हुए ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी को भी अनुबंध सूची में शामिल किया गया है। एशेज के दौरान नाथन लियोन की चोट के चलते मर्फी टीम में आए थे, हालांकि उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला।

साभार : गूगल

इस बार चयनकर्ताओं ने 24 की जगह 21 खिलाड़ियों को ही अनुबंध दिया है, जो पिछले साल के 23 खिलाड़ियों से भी कम है। युवा बल्लेबाज कॉन्स्टास और मैक्सवेल के अलावा मैथ्यू रेनशॉ, झाई रिचर्डसन, लांस मॉरिस और मैथ्यू शॉर्ट को भी इस बार अनुबंध नहीं मिला।

ऑस्ट्रेलिया की पुरुष चयनसमिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने स्पष्ट किया कि यह सूची आने वाले व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि अगले 12 महीनों में टीम को दक्षिण अफ्रीका, भारत और इंग्लैंड जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ लगातार टेस्ट सीरीज खेलनी हैं।

ऑस्ट्रेलिया केंद्रीय अनुबंध सूची : जेवियर बार्टलेट, स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, पैट कमिंस, ब्रेंडन डॉगेट, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेज़लवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिशेल मार्श, टॉड मर्फी, माइकल नेसर, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क, जेक वेदरल्ड, ब्यू वेबस्टर, एडम ज़म्पा

Related Articles

Back to top button