अजिंक्य रहाणे: खेल का फोकस सिर्फ खुद के विकास पर, किसी को साबित करने की नहीं
कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान और अनुभवी भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अपने भविष्य को लेकर उठ रही अटकलों पर साफ सफाई दी है। उन्होंने कहा कि वह क्रिकेट खेल रहे हैं सिर्फ अपने विकास के लिए, किसी को कुछ साबित करने के लिए नहीं।
रहाणे ने पिछले सत्र में मुंबई रणजी टीम की कप्तानी छोड़ दी थी और सफेद गेंद के टूर्नामेंट में भी नेतृत्व नहीं संभाला था। इन फैसलों के चलते उनके भविष्य को लेकर कई तरह की बातें की जा रही थीं। भारत के लिए उन्होंने आखिरी बार 2023 में खेला था।
मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल के पहले मैच में 40 गेंद में 67 रन बनाने वाले रहाणे ने कहा, ‘‘लोग मेरे बारे में जो कहना चाहते हैं, कहते रहें। यह सिलसिला पिछले 20 सालों से चला आ रहा है।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘मैं अपनी बल्लेबाजी से खुश हूं। मैं किसी को यह साबित करने के लिए नहीं खेल रहा कि मैं कितना हुनरमंद हूं। लोग देख रहे हैं, उन्हें देखने दीजिए और बोलने दीजिए।’’

रहाणे ने अपनी हालिया प्रदर्शन की संतुष्टि जताते हुए कहा, ‘‘पिछले दो-तीन साल में सफेद गेंद के प्रारूप में मेरा खेल बेहतर हुआ है। एक क्रिकेटर के तौर पर निरंतर विकास जरूरी है और मैं वही करने की कोशिश कर रहा हूं। लोग बोलते रहेंगे, उन्हें बोलने दीजिए।’’
मैच के दौरान उन्होंने मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी सराहना की। रहाणे ने कहा, ‘‘हम 235-240 रन बनाने की राह पर थे, लेकिन बुमराह के दो ओवरों ने खेल में बड़ा फर्क पैदा किया। यही कारण है कि वह इतना महान गेंदबाज है।’’



