Trending

प्रज्ञानानंदा की धमाकेदार शुरुआत, कैंडिडेट्स में गिरि को हराकर शीर्ष पर

कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के पहले ही दौर ने शतरंज जगत में रोमांच भर दिया है, जहां भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने शानदार शुरुआत करते हुए नीदरलैंड के अनीश गिरि को मात दी।

इस जीत के साथ प्रज्ञानानंदा ने न सिर्फ अपने इरादे जाहिर किए, बल्कि वह अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फेबियानो कारूआना और उजबेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर पहुंच गए हैं।

पहले दौर के अन्य मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। विश्व कप चैम्पियन सिंदारोव ने रूस के आंद्रेइ एसिपेंको को हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की, जबकि कारूआना ने अपने ही देश के हिकारू नकामूरा को पराजित किया। जर्मनी के मथियास ब्लूबाम और चीन के वेइ यि के बीच खेला गया मुकाबला संतुलित रहा और अंततः ड्रॉ पर समाप्त हुआ।

साभार : गूगल

महिला वर्ग में भी मुकाबले कम रोचक नहीं रहे। भारतीय ग्रैंडमास्टर और महिला विश्व कप चैम्पियन दिव्या देशमुख ने यूक्रेन की अनुभवी अन्ना मुजिचुक के खिलाफ ड्रॉ खेला, जो इस टूर्नामेंट में कोनेरू हम्पी की जगह हिस्सा ले रही हैं।

वहीं आर वैशाली ने कजाखस्तान की बिबिसारा असायुबायेवा के साथ अंक साझा किए। अन्य मुकाबलों में रूस की अलेक्जेंड्रा गोरियाश्किना और उनकी हमवतन कैटरीना लागनो के बीच बाजी बराबरी पर छूटी, जबकि चीन की झू जिनेर और तान झोंग्यी के बीच भी कोई निर्णायक नतीजा नहीं निकल सका।

आठ खिलाड़ियों के दोहरे राउंड रॉबिन प्रारूप में खेले जा रहे इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का महत्व बेहद खास है, क्योंकि ओपन और महिला—दोनों वर्गों में यही प्रतियोगिता अगले विश्व चैम्पियनशिप मुकाबले के चैलेंजर का निर्धारण करती है। फिलहाल विश्व चैम्पियन के रूप में भारत के डी गुकेश और चीन की जू वेंजुन शीर्ष पर विराजमान हैं।

Related Articles

Back to top button