25 करोड़ के ग्रीन पड़े भारी: केकेआर को पहले ही मैच में करोड़ों का नुकसान!
कैमरन ग्रीन, आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी के सबसे महंगे खिलाड़ी। टूर्नामेंट इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी। टूर्नामेंट के इतिहास के अब तक के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी।
कोलकाता नाइट राइडर्स ने मिनी नीलामी में इस ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर पर 25.2 करोड़ रुपये खर्च किए थे। अब आईपीएल 2026 में केकेआर के पहले मुकाबले में उनके प्रदर्शन को खिलाड़ियों के किसी मैच में योगदान के पैमानों पर कसें तो उनका प्रदर्शन औसत से भी बहुत नीचे रहा। इतना नीचे कि केकेआर को इस मैच में सिर्फ ग्रीन की वजह से डेढ़ करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ!
रविवार की रात को मुंबई के वानखेड़े मैदान में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला हुआ। दोनों ही टीमों का ये आईपीएल 2026 में पहला मुकाबला था। केकेआर ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए।

मुंबई इंडियंस ने 19.1 ओवरों में ही आसानी से 6 विकेट से जीत हासिल कर ली। कैमरन ग्रीन केकेआर की तरफ से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी उतरे। उस वक्त तक अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने एक मजबूत नींव रख दी थी। एलन जब आउट हुए तब 5.2 ओवरों में केकेआर का स्कोर 69 रन था।
ग्रीन के पास मौका था कि ओपनर्स के बनाए शानदार प्लेटफॉर्म का फायदा उठाएं और तेज बल्लेबाजी से मोमेंटम बरकरार रखें। लेकिन उनकी पारी सिर्फ 10 गेंद की रही। 18 रन ही बना पाए और शार्दुल ठाकुर की गेंद पर रदरफोर्ड को कैच थमा बैठे। पूरी तरह फिट होने की वजह से उन्होंने मैच में एक गेंद तक नहीं फेंकी।
अब कैमरन ग्रीन के प्रदर्शन को इम्पैक्ट इंडेक्स और WPA (विन प्रोबैबिलिटी एडेड) इंडेक्स की कसौटी पर कसकर देखते हैं। इम्पैक्ट इंडेक्स वो पैमाना है जो बताता है कि किसी खिलाड़ी का किसी मैच में कितना असर रहा।
इसी तरह WPA इंडेक्स बताता है कि किसी खिलाड़ी का किसी मैच में अपनी टीम की जीत की संभावना में कितना योगदान है। किसी खिलाड़ी के लिए इसे तय करने में हर फेंकी गई गेंद और हर खेली गई गेंद की भी भूमिका होती है। प्रति गेंद कितने रन बनाए और कितनी गेंदें खेली, ये काफी अहम होता है। ये एक गणितीय गणना है और उसकी जटिलता में जाने के बजाय कैमरन ग्रीन के प्रदर्शन का इंडेक्स देख लेते हैं।
ग्रीन को केकेआर ने 25.2 करोड़ रुपये में खरीदा। लीग चरण में हर टीम 14 मैच खेलेगी। इस हिसाब से हर मैच में कैमरन ग्रीन पर केकेआर का औसतन 1.8 करोड़ रुपये लगा। एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक मैच में ग्रीन का जो प्रदर्शन रहा उसका इम्पैक्ट इंडेक्स सिर्फ 63 लाख रुपये रहा। इस तरह इस मैच में सिर्फ ग्रीन पर कोलकाता नाइट राइडर्स को 1.17 करोड़ रुपये का फटका लग गया!
कैमरन ग्रीन ने 10 गेंदों में 18 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 180 का रहा जो दिखने में काफी शानदार है। लेकिन WPA स्कोर अलग और असली कहानी कह रहा है। मैच में ग्रीन का नेट WPA इम्पैक्ट स्कोर +0.0277 रहा।



