Trending

आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले बांग्लादेश का यू-टर्न, प्रसारण पर नहीं रहेगा प्रतिबंध

आईपीएल 2026 की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है। इस बीच बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में इस लीग के प्रसारण के लिए रास्ता खोल दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नवनियुक्त सूचना और प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा है कि बांग्लादेश में आगामी आईपीएल सीजन के प्रसारण पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा, “आईपीएल प्रसारण के लिए किसी ने भी हमसे आवेदन नहीं किया है। हम खेल को राजनीति से जोड़ना नहीं चाहते। हम इसे व्यावसायिक दृष्टिकोण से देखेंगे। यदि कोई चैनल आईपीएल के प्रसारण के लिए आवेदन करता है, तो हम उस पर सकारात्मक रूप से विचार करेंगे।”

साभार : गूगल

इससे पहले, युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री अमीनुल हक ने एक क्रिकेट साइट से कहा था कि वह पिछली अंतरिम सरकार द्वारा लगाए गए आईपीएल प्रसारण प्रतिबंध के बाद इस मुद्दे पर संबंधित अधिकारियों से बातचीत करेंगे। जब स्वपन से पूछा गया कि क्या स्टार स्पोर्ट्स आईपीएल का प्रसारण कर सकता है, तो उन्होंने संकेत दिए कि ऐसा संभव है।

उन्होंने कहा, “हम किसी को भी इसके प्रसारण से नहीं रोकेंगे। यदि स्टार स्पोर्ट्स इसका प्रसारण करना चाहता है, तो वह कर सकता है। यदि हमारे देश के किसी चैनल को इसका प्रसारण करना है, तो हम इसे सकारात्मक रूप से लेंगे, लेकिन हम किसी पर कोई दबाव नहीं डालेंगे।”

बांग्लादेश के केबल ऑपरेटर्स एसोसिएशन के कार्यालय सचिव रेजाउल करीम लबलू ने भी कहा कि वे स्टार स्पोर्ट्स को आईपीएल का प्रसारण करने से नहीं रोकेंगे, क्योंकि इस संबंध में सरकार की ओर से कोई निर्देश नहीं मिला है।

आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा। इसके अगले दिन मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। बीसीसीआई ने हाल ही में इस सीजन के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी किया है। लीग चरण के मैच 24 मई तक खेले जाएंगे, जबकि प्लेऑफ मुकाबलों का कार्यक्रम जल्द ही घोषित किए जाने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button