आईपीएल 2026 का आगाज़ बिना ओपनिंग सेरेमनी, चिन्नास्वामी हादसे को दी जाएगी श्रद्धांजलि
28 मार्च से आईपीएल 2026 की शुरुआत होने जा रही है। पहले मैच में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टक्कर होगी।
यह मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है। आईपीएल सीजन की शुरुआत से पहले बीसीसीआई ओपनिंग सेरेमनी आयोजित करता है। हालांकि, आगामी सीजन की ओपनिंग सेरेमनी कैंसिल हो गई है। ओपनिंग सेरेमनी में कई रंगारंग कार्यक्रम देखने को मिलते हैं।
बीसीसीआई ने पिछले साल चिन्नास्वामी में मची भगदड़ में जान गंवाने वालों के सम्मान में सेरेमनी कैंसिल की है। भगदड़ में 11 लोगों की जान चली गई थी। आरसीबी ने 2025 में पंजाब किंग्स को हराकर आईपीएल का खिताबी सूखा समाप्त किया था, जिसके बाद चिन्नास्वामी में जश्न के दौरान हादसा हो गया।

हालांकि, बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल 19वें सीजन के समापन पर शानदार क्लोजिंग सेरेमनी का आयोजन करने की प्लानिंग कर रहे हैं।
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक अंग्रेजी अखबार से कहा, “पिछले साल 4 जून को हुई दुखद घटना की वजह से आईपीएल 2026 (बेंगलुरु में) के पहले दिन दिन कोई फॉर्मल फंक्शन नहीं होगा। बीसीसीआई उस दुखद घटना में मारे गए लोगों की याद में आईपीएल का 19वां सीजन शुरू होने पर कोई कल्चरल या एंटरटेनमेंट शो आयोजित नहीं कर रेगा।
हालांकि, बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल सीजन समाप्त होने पर फाइनल (31 मई) के दिन एक बड़ा एंटरटेनमेंट फंक्शन करने का प्लान बना रहे हैं।”
आरसीबी के खिलाड़ी भगदड़ में मारे गए 11 लोगों की याद में आगामी सीजन में मैच से पहले अभ्यास के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे। फ्रेंचाइजी ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें खाली रखने की योजना भी है। आरसीबी ने पिछले साल अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी जीती थी।
इस जीत के जश्न के लिए चार जून को एम चिन्नास्वामी में समारोह का आयोजन किया गया था। सुरक्षा की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद आरसीबी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।
आरसीबी ने दर्शकों के प्रबंधन में सुधार के लिए लगभग सात करोड़ रुपये का निवेश किया है। आरसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) राजेश मेनन ने हाल ही में बताया, ”हमने भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए लगभग सात करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिसमें कई बैगेज स्कैनर और कमांड सेंटर शामिल हैं। हमने भीड़ प्रबंधन के उपायों को काफी मजबूत किया है।
पूरे स्टेडियम, कॉन्कोर्स और आसपास के क्षेत्रों में एआई-आधारित सीसीटीवी प्रणाली लगाई गई है, जो ‘जार्विस’ नामक एआई टूल से संचालित है।”
उन्होंने बताया कि यह प्रणाली ‘रियल-टाइम’ अलर्ट देती है, जिसमें प्रत्येक दीर्घा में मौजूद दर्शकों की संख्या की जानकारी शामिल होती है। इससे निगरानी और नियंत्रण बेहतर होगा। इन सीसीटीवी फुटेज तक पुलिस आयुक्त कार्यालय की भी सीधी पहुंच होगी।



