Trending

कोलकाता डर्बी में ईस्ट बंगाल का जलवा, मोहम्मडन को 7-0 से हराया

इंडियन सुपर लीग

कोलकाता : ईस्ट बंगाल एफसी ने कोलकाता डर्बी में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए इंडियन सुपर लीग 2025-26 में विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब को 7-0 से करारी शिकस्त दी।

यह जीत दोनों टीमों के बीच अबतक की सबसे बड़ी जीत का अंतर है और आईएसएल इतिहास की संयुक्त सबसे बड़ी जीत की बराबरी भी करती है, जो एफसी गोवा ने 2015 में मुंबई सिटी एफसी के खिलाफ 7-0 से दर्ज की थी।

इस जीत के साथ रेड एंड गोल्ड ब्रिगेड छह मैचों में 11 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई, जबकि मोहम्मडन एससी पांच मैचों में बिना किसी अंक के निचले पायदान पर बनी हुई है। अनवर अली को उनके शानदार प्रदर्शन, जिसमें दो गोल शामिल थे, के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

ईस्ट बंगाल एफसी – 7 (अनवर 6’, 79’, यूसुफ 14’ (पेन), 54’ (पेन), साउल 38’ (पेन), पीवी विष्णु 75’, नंधा 90’+6) मोहम्मडन एससी – 0

ईस्ट बंगाल ने आक्रामक शुरुआत करते हुए शुरुआती मिनटों में ही दबदबा बना लिया। छठे मिनट में सेंटर-बैक अनवर अली ने बाएं फ्लैंक से लंबी दूरी का शानदार शॉट लगाया, जिसे गोलकीपर पदम छेत्री रोक नहीं सके और गेंद गोल में चली गई।

Photo:Santanu Biswas /Focus Sports/ ISL

14वें मिनट में मेजबान टीम को पेनल्टी मिली, जब साज्जाद हुसैन ने मिगुएल फिगुएरा को बॉक्स के अंदर गिरा दिया। यूसुफएज़ेज़्ज़ारी ने पेनल्टी को आसानी से गोल में बदलते हुए स्कोर 2-0 कर दिया।

ईस्ट बंगाल ने लगातार दबाव बनाए रखा, जबकि मोहम्मडन को 29वें मिनट में एक मौका मिला, लेकिन एमडी फर्दीन का शॉट प्रभसुखन गिल ने आसानी से रोक लिया।

38वें मिनट में मोहम्मडन के राइट-बैक जोसेफ लाल मुआनावमा को दूसरा पीला कार्ड मिलने के बाद बाहर जाना पड़ा। इसके बाद मिली पेनल्टी को कप्तान साउल क्रेस्पो ने गोल में बदलकर स्कोर 3-0 कर दिया। हाफ टाइम से पहले पीवी विष्णु का शॉट क्रॉस बार से टकराया, जिससे ईस्ट बंगाल 3-0 की बढ़त के साथ ब्रेक में गई।

Photo:Santanu Biswas /Focus Sports/ ISL

दूसरे हाफ में भी ईस्ट बंगाल का दबदबा जारी रहा। 54वें मिनट में एज़ेज़्ज़ारी ने अपनी दूसरी पेनल्टी गोल में बदलते हुए स्कोर 4-0 कर दिया। यह आईएसएल में पहली बार था जब किसी टीम ने एक ही मैच में तीन पेनल्टी गोल किए। मोहम्मडन ने 10 खिलाड़ियों के साथ कुछ मौके बनाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

75वें मिनट में पीवीविष्णु ने कॉर्नर के बाद नजदीक से गोलकर स्कोर 5-0 कर दिया। इसके चार मिनट बाद अनवरअली ने अपना दूसरा गोल करते हुए स्कोर 6-0 कर दिया। इंजरी टाइम में नंधाकुमार ने छठे मिनट में गोलकर स्कोर 7-0 कर दिया और ईस्ट बंगाल ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

आईएसएल 2025-26 सीजन अंतरराष्ट्रीय ब्रेक के बाद 3 अप्रैल से फिर शुरू होगा, जिसमें मोहम्मडन एससी की टीम नई दिल्ली में पंजाब एफसी से भिड़ेगी।

Related Articles

Back to top button