Trending

सुरक्षा चिंताओं के चलते हम्पी बाहर, यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक टूर्नामेंट में शामिल

यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक को साइप्रस में खेले जाने वाले आगामी कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में कोनेरू हम्पी की जगह शामिल किया गया है चूंकि भारतीय ग्रैंडमास्टर ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते सुरक्षा कारणों से नाम वापिस ले लिया था।

शनिवार से पाफोस में शुरू हो रहे इस टूर्नामेंट से विश्व चैम्पियनशिप खिताब के चैलेंजर का निर्धारण होगा। इस समय ओपन वर्ग में डी गुकेश और महिला वर्ग में जू वेंजुन विश्व चैम्पियन हैं।

दो बार महिला विश्व रैपिड चैम्पियन हम्पी ने आयोजकों से आश्वासन मिलने के बावजूद निजी सुरक्षा को लेकर चिंता का हवाला देते हुए टूर्नामेंट से नाम वापिस ले लिया। इस महीने की शुरूआत में साइप्रस में एक ब्रिटिश एयर बेस पर ड्रोन हमला हुआ था जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ गई है।

साभार : गूगल

फिडे ने एक बयान में कहा ,‘‘ टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार हम्पी की जगह महिला इवेंट्स सीरिज 2024 . 25 में अगला सर्वश्रेष्ठ स्थान पाने वाली खिलाड़ी को दी गई है जिसने अभी तक क्वालीफाई नहीं किया है। यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक यह टूर्नामेंट खेलेंगी।’’

वह महिला विश्व रैपिड चैम्पियन (2016) और दो बार महिला विश्व ब्लिट्ज चैम्पियन (2014 और 2016) रह चुकी हैं। इससे पहले हम्पी ने कहा ,‘‘ काफी सोच विचारकर मैने फिडे महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट से बाहर रहने का कठिन फैसला किया है।’’

उन्होंने कहा,‘‘ कोई भी टूर्नामेंट , कितना भी बड़ा क्यों नहीं हो, निजी सुरक्षा से बढकर नहीं हो सकता। तमाम आश्वासनों के बावजूद मुझे मौजूदा हालात में वहां जाना सुरक्षित नहीं लगता। यह दुखद है लेकिन जरूरी फैसला है।’’
हम्पी पर इस फैसले के लिये 10000 यूरो जुर्माना लग सकता है हालांकि फिडे ने इस पर फैसला नहीं लिया है।

हम्पी के नाम वापिस लेने से भारत की उम्मीदों को झटका लगा है। उनके अलावा आर प्रज्ञानानंदा (ओपन वर्ग), आर वैशाली (महिला वर्ग) और विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख ने इसके लिये क्वालीफाई किया है।

Related Articles

Back to top button