रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज हल्द्वानी दौरे पर, जनसभा को करेंगे संबोधित

हल्द्वानी : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को नैनीताल जनपद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे हल्द्वानी में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। राज्य में धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
उत्तराखंड में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को नैनीताल जनपद के एमबी इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को बतौर मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और जनहितकारी नीतियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रक्षा मंत्री दोपहर 12:10 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके पश्चात वे 12:20 बजे हेलीकॉप्टर से हल्द्वानी के लिए रवाना होंगे और 12:40 बजे आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगे। आर्मी हेलीपैड से वे सड़क मार्ग से 12:55 बजे एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचेंगे, जहां वे जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत रक्षा मंत्री दोपहर 2:15 बजे आर्मी हेलीपैड के लिए प्रस्थान करेंगे और 2:55 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे 3:25 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सैनिक स्कूल घोड़ाखाल जाने का दौरा रद्द कर दिया गया है।



