फिर से आरसीबी के लिए बल्ला उठाएंगे कोहली, खिताब बचाने की चुनौती
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान और क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली आईपीएल 2026 में टीम से फिर जुड़ गए हैं। बुधवार सुबह बेंगलुरु पहुंचने के बाद कोहली का स्वागत टीम मैनेजमेंट, खिलाड़ियों और उत्साहित फैंस ने बड़े ही जोश और गर्मजोशी के साथ किया।
बेंगलुरु आने से पहले, कोहली लंदन में अभ्यास कर रहे थे कोहली के अभ्यास सत्र में शामिल होने से टीम की तैयारी में नई ऊर्जा और गति आएगी। आईपीएल 2026 में आरसीबी का लक्ष्य अपने पिछले सीजन का खिताब बचाना होगा।
याद रहे कि आरसीबी ने आईपीएल 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था। इस जीत में विराट कोहली का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा था। पिछले सीजन में आरसीबी की पारी की शुरुआत करने वाले विराट ने 15 मैचों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 54.75 की औसत और 144.71 की स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए थे।

इस दौरान उन्होंने 8 अर्धशतक लगाए और 66 चौके तथा 19 छक्के जमाए। आईपीएल 2026 में टीम को अगर खिताब की रक्षा करनी है तो कोहली की भूमिका फिर से निर्णायक साबित होगी। टीम प्रबंधन उम्मीद करेगा कि वह शीर्ष क्रम में निरंतर और प्रभावी प्रदर्शन करें।
विराट कोहली आरसीबी से जुड़ने वाले शुरुआती खिलाड़ियों में से हैं और उनके प्रदर्शन में हमेशा निरंतरता रही है। लगभग हर सीजन वह टीम के शीर्ष स्कोरर रहे हैं।
लीग के इतिहास में कोहली सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं, जिनके नाम सबसे अधिक रन और शतक का रिकॉर्ड है। उन्होंने 267 मैचों में 8 शतक और 63 अर्धशतक लगाते हुए कुल 8,661 रन बनाए हैं। 2013 से 2021 तक कोहली आरसीबी के कप्तान भी रहे और उनकी कप्तानी में टीम 2016 का फाइनल खेली थी, हालांकि खिताब जीतने में सफलता नहीं मिली थी।
आईपीएल 2025 में आरसीबी ने अपना पहला खिताब रजत पाटीदार की कप्तानी में जीता था। आईपीएल 2026 में भी टीम की कप्तानी और बल्लेबाजी पर फैंस की निगाहें पाटीदार पर रहेंगी। सीजन का पहला मुकाबला आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 28 मार्च को खेला जाएगा।



