इंजरी टाइम में सूकौना का वार, राजस्थान यूनाइटेड विजयी
इंडियन फुटबॉल लीग
जयपुर : अमादू सूकौना के पहले हाफ के इंजरी टाइम में किए गए गोल की बदौलत राजस्थान यूनाइटेड एफसी ने इंडियन फुटबॉल लीग (आईएफएल) 2025-26 में विद्याधर नगर स्टेडियम में रियल कश्मीर एफसी को 1-0 से हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
रियल कश्मीर को मैच के दौरान नौ खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा, जब 58वें मिनट में हबीब फोफाना को दूसरा पीला कार्ड मिलने पर बाहर भेजा गया और इंजरी टाइम में कैल्विन बारेट्टो को गोल करने के स्पष्ट मौके को रोकने के कारण सीधा रेड कार्ड दिखाया गया।
राजस्थान यूनाइटेड एफसी – 1 (अमादू सूकौना 45’+2’) रियल कश्मीर एफसी – 0
इस जीत के साथ राजस्थान यूनाइटेड अस्थायी रूप से सात अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया, जबकि रियल कश्मीर दो अंकों के साथ सबसे नीचे खिसक गया। अमादू सूकौना को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मेजबान टीम ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण रखते हुए धैर्यपूर्वक खेल बनाया।
10वें मिनट में रियल कश्मीर के गोलकीपर फुरकान अहमद ने शानदार इंटर सेप्शन कर शुरुआती खतरे को टाल दिया। 13वें मिनट में मेहमान टीम को भी फ्री-किक से मौका मिला, लेकिन कमाल इसाह की डिलीवरी पर अब्दुल सामेद ने हेडर से खतरा दूर कर दिया।
बासित अहमद भट और हबीब फोफाना की अगुवाई में रियल कश्मीर का डिफेंस काफी संगठित रहा और राजस्थान के हमलों को रोकता रहा। 26वें मिनट में अहतीब अहमद डार को गोल का मौका मिला, लेकिन उनका शॉट बार के ऊपर चला गया।
वहीं 36वें मिनट में राजस्थान ने भी मौका बनाया, जब जोनाथन फर्नांडीस की फ्री-किक को फुरकान ने रोक दिया और रिबाउंड पर सूकौना गोल नहीं कर सके। हालांकि, सूकौना लगातार खतरा बने रहे और पहले हाफ के इंजरी टाइम में उन्होंने बढ़त दिला दी।
जॉर्डन लामेला ने दाएं फ्लैंक से सटीक क्रॉस दिया, जिस पर फ्रेंच स्ट्राइकर ने पहली ही टच में गेंद को निचले कोने में पहुंचाकर स्कोर 1-0 कर दिया। अगले ही मिनट वह बढ़त दोगुनी कर सकते थे, लेकिन गोलकीपर ने उनके प्रयास को रोक लिया।

दूसरे हाफ में रियल कश्मीर ने बराबरी के लिए दबाव बनाया, लेकिन राजस्थान का डिफेंस मजबूती से खड़ा रहा। 58वें मिनट में मैच का रुख बदल गया जब हबीब फोफाना को दूसरा पीला कार्ड दिखाया गया और मेहमान टीम दस खिलाड़ियों तक सिमट गई।
संख्या में कमी के बावजूद रियल कश्मीर ने आक्रामक रुख बनाए रखा, जबकि राजस्थान ने सब्स्टीट्यूट खिलाड़ियों के जरिए बढ़त का फायदा उठाने की कोशिश की। अंतिम चरण में दोनों टीमों को आधे-अधूरे मौके मिले, लेकिन कोई भी टीम फिनिशिंग टच नहीं दे सकी।
राजस्थान बढ़त दोगुनी करने के करीब पहुंचा, लेकिन सूकौना और स्थानापन्न नाओबा मेइती अपने मौके भुना नहीं सके। मैच के अंतिम क्षणों में रियल कश्मीर के स्थानापन्न कैल्विन बारेट्टो को भी रेड कार्ड दिखाया गया, जिससे टीम की मुश्किलें और बढ़ गईं।
अंततः राजस्थान यूनाइटेड ने 1-0 की बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला जीत लिया, जिसमें सूकौना का गोल निर्णायक साबित हुआ और टीम को महत्वपूर्ण तीन अंक दिलाए।



