दुबई संकट के बाद पीवी सिंधु स्विस ओपन से हटीं, अब इन पर टिकी भारत की चुनौती
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु हाल ही में दुबई में तीन दिन फंसने के तनाव से पूरी तरह उबर नहीं पाईं हैं, इसलिए वह आगामी स्विस ओपन में हिस्सा नहीं लेंगी। पुरुष सिंगल में भारत की चुनौती एच एस प्रणय और किदाम्बी श्रीकांत पेश करेंगे, जो 2,50,000 डॉलर ईनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट में भारत का नाम रोशन करेंगे।
दुबई में ईरान पर अमेरिका और इजराइल की बमबारी और इसके जवाब में ईरान की कार्रवाई के चलते खाड़ी क्षेत्र में हवाई अड्डों पर पाबंदियां लगी थीं। इसी वजह से सिंधु तीन दिन दुबई में फंसी रहीं और उन्हें आल इंग्लैंड चैम्पियनशिप से भी नाम वापस लेना पड़ा।
भारतीय बैडमिंटन संघ सचिव संजय मिश्रा ने कहा, “वह स्विस ओपन में नहीं खेलेंगी। दुबई में उनके अनुभव को हम समझते हैं। बर्मिंघम भी नहीं जा पाईं थीं। उन्हें पूरी तरह उबरने में थोड़ा समय लगेगा।”
सिंधु ने भारत लौटने के बाद खुलासा किया कि दुबई में अनुभव के कारण वह काफी तनाव में थीं और उम्मीद है कि यह पहला और आखिरी ऐसा अनुभव रहे। अब वह अप्रैल में होने वाली बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप के जरिए वापसी करेंगी।

पुरुष एकल में किदाम्बी श्रीकांत का सामना पहले दौर में जैसन गुनावान से होगा। श्रीकांत पिछले साल मलेशिया मास्टर्स और सैयद मोदी इंटरनेशनल के फाइनल तक पहुंचे थे। विश्व चैम्पियनशिप 2023 के कांस्य पदक विजेता एच एस प्रणय पहले दौर में जापान के कोकी वातानाबे से खेलेंगे।
अन्य भारतीय पुरुष खिलाड़ियों में तरूण मन्नेपल्ली का सामना जापान के केंता निशिमोतो, आयुष शेट्टी का मुकाबला कनाडा के ब्रायन यांग, और किरण जॉर्ज सिंगापुर के लोह कीन यू से होगा।
पुरुष युगल में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी का सामना सिंगापुर के एंग कीट वेसले और जुंसुके कुबो से होगा। वहीं, हरिहरन ए और एम आर अर्जुन चीनी ताइपे के चेन झि रे और लिन यू चियेह के खिलाफ उतरेंगे।
महिला एकल में उन्नति हुड्डा का सामना चीनी ताइपे की चियू पिन चियान से होगा, जबकि मालविका बंसोड़ थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ खेलेंगी। महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद का मुकाबला चीनी ताइपे की हू लिंग फांग और झेंग यू चियेह से होगा।



