एलएसजी रन में गूंजा फिटनेस व देशभक्ति का संदेश, साथ में टीम इंडिया की जीत की कामना भी
लखनऊ: टी-20 विश्व कप फाइनल में टीम इंडिया की जीत की कामना के साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को सेलिब्रेट करने के लिए रविवार की सुबह क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर दौड़ लगाई।
मौका था, लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से आयोजित एलएसजी रन – ‘रन फ़ॉर इंडिया’ मैराथन का। 1090 चौराहे से शुरू हुई इस बहु-श्रेणी मैराथन में युवा ही नहीं, बच्चे, बुजुर्ग और दिव्यांगों ने भी गजब का उत्साह दिखाया और देशभक्ति, फिटनेस, एकता व महिला सशक्तिकरण के संदेश को जनमानस तक पहुंचाने की कोशिश की।
ये लोग रहे पहले स्थान पर
मैराथन में महिला वर्ग में अंशिका यादव, रूबी, हर्षिता, डॉ. छितिज, पूजा सिंह और निहारिका पांडेय, तान्या सिंह, कामिनी, कल्पना व पलक को ट्राफी दी गई।
पुरूष वर्ग में शुभम यादव, रवि पाल, नौशाद अली, आनंद करन, आरपी सिंह, आकाश टण्डन और सक्षम, अंकित, अभय कुमार, श्रवण बब्बर व उमा शंकर को विजेता ट्राफी दी गई। इसके साथ ही प्रथम व द्वितीय रनरअप को भी ट्राफी दी गई और सभी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान किए गए।
महिलाओं ने दौड़ लगाकर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को भी किया सेलिब्रेट
मैराथन को तीन श्रेणियों में आयोजित किया गया, ताकि सभी आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकें। 10 किलोमीटर दौड़ सुबह 6:30 बजे, पांच किलोमीटर की दौड़ सुबह 7:00 बजे और बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीन किलोमीटर की दौड़ सुबह 7:15 बजे शुरू हुई।
इससे पहले सभी प्रतिभागियों को एलएसजी की नई जर्सी भी प्रदान की गई। जेके सीमेंट के जोनल हेड अंशु रस्तोगी की धर्मपत्नी अनुभा रस्तोगी, जेके सीमेंट के लखनऊ बिजनेस ऑर्गनाइजर प्रशान्त सिंह और आरपीएसजी स्पोर्ट्स से नेहा लोसलका ने एलएसजी रन को झंडी दिखाकर रवाना किया।
लखनऊ वासियों ने साथ मिलकर दिया देशभक्ति, एकता और फिटनेस का संदेश
10 किलोमीटर की दौड़ 1090 चौराहे से शुरू होकर अम्बेडकर पार्क होते हुए जनेश्वर मिश्र पार्क तक हुई। धावकों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के दौरान फिटनेस के लिए जुम्बा डांस का भी आयोजन किया गया। सभी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।



