Trending

ली ताहुहु ने महिला वनडे क्रिकेट से लिया संन्यास, टी20 में जारी रहेगा करियर

न्यूजीलैंड की अनुभवी तेज गेंदबाज ली ताहुहु ने रविवार को महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। 35 वर्षीय ली ने अपने 15 साल के करियर में 103 एकदिवसीय मैच खेलते हुए 125 विकेट अपने नाम किए, जो न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट में एक रिकॉर्ड है।

ली ताहुहु ने जून 2011 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पदार्पण किया था और इसके बाद उन्होंने चार महिला एकदिवसीय विश्व कप (2013, 2017, 2022 और 2025) में हिस्सा लिया। उनके लिए पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ खेला गया विश्व कप मुकाबला उनकी एकदिवसीय क्रिकेट की अंतिम पारी साबित हुई। विश्व कप में ली ने 36 विकेट चटकाए, जो न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक हैं। वह इस सूची में विश्व स्तर पर नौवें स्थान पर हैं।

न्यूज़ीलैंड क्रिकेट के बयान में ली ने कहा, “एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में व्हाइट फर्न्स की जर्सी पहनना हमेशा से मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात रही है। हर मैच खेलने का अनुभव अद्भुत था। 100 से अधिक मैचों में देश और परिवार का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा था। मैं इन पलों को हमेशा संजोकर रखूंगी और जो हासिल किया, उसके साथ गर्व महसूस करूंगी।”

© Getty

हालांकि, ली ताहुहु टी20 क्रिकेट में सक्रिय रहेंगी और इस साल इंग्लैंड और वेल्स में होने वाले टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिताब की रक्षा में टीम का हिस्सा बनेंगी।

उन्होंने टी20 विश्व कप को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “2024 में टी20 विश्व कप जीतना मेरे करियर की बड़ी उपलब्धियों में से एक थी। इस साल टीम को खिताब की रक्षा में मदद करने के लिए मैं पूरी तरह प्रेरित हूं।”

Related Articles

Back to top button