Trending

वरुण चक्रवर्ती पर भरोसा कायम, अक्षर पटेल बोले – ‘टीम का तुरुप का इक्का’

पिछले कुछ मैचों में खराब प्रदर्शन के कारण ऐसा लगने लगा है कि भारतीय लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की रहस्यमयी गेंदबाजी का रहस्य अब विरोधी बल्लेबाजों के लिए उतना मुश्किल नहीं रहा। हालांकि इसके बावजूद टीम के साथी खिलाड़ी अब भी उन्हें टीम का बड़ा मैच विनर और ‘तुरुप का इक्का’ मानते हैं।

रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले टी20 विश्व कप फाइनल से पहले टीम प्रबंधन के सामने बड़ा सवाल यह है कि क्या दुनिया के नंबर एक टी20 गेंदबाज को प्लेइंग इलेवन में बरकरार रखा जाए। अगर उन्हें मौका दिया जाता है और उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, तो वह भारत के लिए कमजोर कड़ी भी साबित हो सकते हैं।

टूर्नामेंट के सुपर आठ चरण के बाद से उनकी फॉर्म में लगातार गिरावट देखने को मिली है, जिसे नजरअंदाज करना आसान नहीं है। टूर्नामेंट के निर्णायक चरण में खराब प्रदर्शन के बाद चक्रवर्ती को अपने मन में उठ रहे संदेहों से भी बाहर निकलने की जरूरत होगी।

इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में जैकब बेथेल ने चक्रवर्ती को खास तौर पर निशाना बनाया। इस मैच में भारतीय स्पिनर ने चार ओवर में 64 रन खर्च किए और केवल एक विकेट हासिल किया।

साभार : गूगल

टीम के उप कप्तान अक्षर पटेल ने हाल ही में चक्रवर्ती से बातचीत की और उन्हें समझाया कि जब चीजें अनुकूल नहीं चल रही हों तब भी अपनी रणनीति पर टिके रहना कितना महत्वपूर्ण होता है।

अक्षर ने कहा, ‘‘हमने चक्रवर्ती की मौजूदा समस्याओं के बारे में बात की है। हमने इस समय कई नॉकआउट मैच खेले हैं, इसलिए सही मानसिकता का होना बहुत महत्वपूर्ण है। कौशल और बाकी चीजें भी मायने रखती हैं, लेकिन हमने उससे यही कहा कि जब उसकी गेंदों पर रन बनने लगें तो अपनी रणनीति को नहीं बदलें।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘पहले आपकी रणनीति विकेट को निशाना बनाकर गेंदबाजी करने की होती है और फिर अचानक आप लाइन बदल देते हैं। दबाव वाली परिस्थितियों में गलतियां हो सकती हैं। हम उसे लगातार यही कहते रहते हैं कि तुम टीम के लिए तुरुप का इक्का हो। खुद पर भरोसा रखो और पूरे आत्मविश्वास के साथ गेंदबाजी करो।’’

सेमीफाइनल से पहले वरुण ने नेट्स में काफी मेहनत की थी, लेकिन मैच में पावरप्ले में गेंदबाजी करने के बाद वह अपनी लय हासिल नहीं कर पाए। इंग्लैंड की टीम ने उनके खिलाफ पूरी रणनीति तैयार कर रखी थी और बाएं हाथ के बल्लेबाज जैकब बेथेल ने उन्हें बिल्कुल भी संभलने का मौका नहीं दिया।

बेथेल ने चक्रवर्ती के पहले ही ओवर में तीन छक्के जड़ दिए और कुल मिलाकर उनकी 13 गेंदों पर 42 रन बटोर लिए। पिछले कुछ समय से चक्रवर्ती की गेंदबाजी में एक और समस्या देखने को मिल रही है। वह या तो बहुत शॉर्ट गेंद डाल रहे हैं या फिर ओवरपिच, जिससे बल्लेबाजों के लिए उनकी गेंदों को पढ़ना और उन पर आक्रमण करना आसान हो गया है।

अक्षर पटेल ने हालांकि उनके अनुभव और क्षमता पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप देखें तो कुछ छक्के खाने के बाद भी उसने जोस बटलर का विकेट लिया। वह नंबर एक टी20 गेंदबाज है और वह जानता है कि उसे क्या करना है। यह मानसिकता की बात है। हमें अभी एक और मैच खेलना है और उम्मीद है कि वह फाइनल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।’’

भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह का मानना है कि चक्रवर्ती को अपनी गेंदबाजी की गति थोड़ी कम करने और सही लेंथ पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘वह मैच विजेता गेंदबाज है लेकिन शुरुआत से ही निशाना बनाये जाने पर कोई भी गेंदबाज दबाव में आ जाता है।

तेज गति के अलावा वह सही लेंथ से गेंदबाजी नहीं कर पा रहा है। विकेट को निशाना बनाकर गेंदबाजी करना उसका मजबूत पक्ष है लेकिन कई बार उसने अपनी इस रणनीति से हटकर वाइड गेंदें फेंकी हैं। वह दबाव में हैं। उसे बस इतना करना है कि वह नेट पर जमकर अभ्यास करे।’’

Related Articles

Back to top button